स्टेट काउंसिल ऑफ एजुकेशन रिसर्च एंड ट्रेनिंग द्वारा आयोजित नेशनल मींस कम मेरिट स्कॉलरशिप स्कीम (एनएमएमएस) की परीक्षा रविवार को हुई। परीक्षा सुबह 11 बजे से दोपहर दो बजे तक हुई। परीक्षा के लिए जिला मुख्यालय में बनाए गए सात केंद्रों में 2078 विद्यार्थियों में से 1869 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। जिसमें 209 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा में जिले के सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस परीक्षा के माध्यम से चयनित विद्यार्थियों को कक्षा 9वीं से कक्षा 12वीं की पढ़ाई के लिए हर वर्ष स्कॉलरशिप दी जाएगी। यह परीक्षा कक्षा 8वीं के छात्रों के लिए आयोजित की गई।
परीक्षा के लिए राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बाल नारनौल, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में दो-दो केंद्र, गुरु गोविंद सिंह वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सैनी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय व सरस्वती बाल मंदिर में एक-एक केंद्र बनाए गए थे। परीक्षा में मानसिक योग्यता परीक्षण व बौद्धिक योग्यता परीक्षण के प्रश्न पूछे गए। परीक्षा में सामान्य वर्ग को पास होने के लिए 36 अंक लेने अनिवार्य होंगे। जबकि अनुसूचित जाति व दिव्यांग विद्यार्थियों को पास होने के लिए 29 अंक लाने होंगे।