फोटो संख्या:63- हुड्डा पार्क में योग करते योग साधक---स्रोत- प्रशासन
- फोटो : mathura
महेंद्रगढ़। एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य थीम के तहत अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य पर हुड्डा पार्क में तीन दिवसीय योग प्रोटोकॉल अभ्यास शिविर का आयोजन किया गया। शहर व आसपास के करीब 350 योग साधकों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम का संचालन उपमंडल अधिकारी अनिल कुमार यादव, जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. शशि बाला तथा जिला आयुष योग समन्वयक डॉ. सतीश के दिशा-निर्देशन में किया गया।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित एसडीएम अनिल कुमार यादव ने योग के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए नियमित योग अभ्यास को जीवनशैली का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने स्वयं भी पूरे योग प्रोटोकॉल का अभ्यास कर अपनी सक्रिय सहभागिता निभाई। मंच का संचालन कर रहे योग सहायक सुंदर सिंह ने योग प्रोटोकॉल का अभ्यास कराया।
योग सहायक सुनील देवी एवं रिशाल ने योगासनों का डेमो प्रस्तुत कर प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया। नोडल अधिकारी डॉ. सुमन कुमारी ने योगयुक्त-नशामुक्त हरियाणा का संदेश दिया। उन्होंने संधिशूल (जोड़ों के दर्द), कैंसर, हाइपरटेंशन, थायराइड एवं शरीर से विषाक्त तत्वों के निष्कासन के लिए आयुर्वेदिक उपचारों की जानकारी भी प्रदान की। साथ ही एक पौधा मां के नाम अभियान के तहत पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।
इस अवसर पर डॉ. नवीन कुमार, डॉ. इंदु बाला, डॉ. दीपक, डॉ. हेमंत, डॉ. पुष्पा, डॉ. अर्चना, डॉ. अनुराधा, आयुर्वेदिक फार्मासिस्ट अनिल कुमार तथा योग सहायक संजय सिवाच, नरेंद्र, किरण, रामजीवन, मास्टर जुगबीर एवं रामपाल (पतंजलि कोषाध्यक्ष) विशेष रूप से उपस्थित रहे।