नारनौल। नांगल चौधरी में सोमवार को कोटपुतली रोड पर स्थित एक कैंटीन पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने छापा मारा। विभाग को लगातार कैंटीन में समाप्ति तिथि के बाद भी सामान बेचने की शिकायत मिल रही थी। विभाग ने कार्रवाई करते हुए कैंटीन की तलाशी ली तो वहां 42 पैकेट समाप्ति तिथि के मिले। टीम ने जब्त कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. दीपक चौधरी ने बताया कि उन्हें कुछ दिन से कोटपुतली रोड पर स्थित कैंटीन पर समाप्ति तिथि का सामान बेचने की शिकायत मिल रही थी। इस पर सोमवार को कार्रवाई की गई है। यह कार्रवाई आने वाले दिनों में भी जारी रहेगी।
नांगल चौधरी में पहले भी कैंटीन पर की जा चुकी है कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. दीपक चौधरी ने बताया कि बीते 5-6 माह पहले भी नांगल चौधरी में एक कैंटीन पर छापा मारा था। वहां भी समाप्ति तिथि का सामान बेच रहा था। इस पर कुछ दिन पहले 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया था। खाद्य सुरक्षा विभाग ने कहा कि समाप्ति तिथि का सामान बेचने वालों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है, इसके बाद भी कैंटीन संचालक समाप्ति तिथि का सामान बेच रहे हैं।
कोल्ड ड्रिंक समाप्ति तिथि की बेचने पर केस दर्ज
खाद्य सुरक्षा अधिकारी डाॅ. दीपक चौधरी ने बताया कि नारनौल के आजाद चौक पर एक दुकानदार कोल्ड ड्रिंक समाप्ति तिथि के बाद भी बेच रहा था। उस पर भी विभाग की तरफ से केस दर्ज कर लिया गया है। इस पर जल्द ही जुर्माना लगाया जाएगा।