महेंद्रगढ़। प्रदेश सरकार ने जिले और शहर के विकास कार्यों को गति देने के लिए विशेष बजट जारी किया है। जिले को कुल 33.23 करोड़ रुपये मिले हैं। इनमें से महेंद्रगढ़ नगर पालिका के हिस्से में 5 करोड़ 12 लाख रुपये आए हैं। करीब एक साल से खाली पड़े खजाने में बजट आने से शहर में रुके विकास कार्यों के शुरू होने की उम्मीद जगी है।
नगर पालिका के पास बजट न होने के कारण पिछले एक साल से शहर में विकास कार्य प्रभावित थे। मुख्य सड़कों और वार्डों के खराब रास्तों से लोगों को परेशानी हो रही थी। कर्मचारियों का वेतन और कार्यालय के रोजमर्रा के खर्च चलाना भी चुनौती बना हुआ था।
नगर पालिका करीब 3 करोड़ 20 लाख रुपये शहर की मुख्य सड़कों और वार्डों के बदहाल मार्गों के निर्माण पर खर्च करेगी। इसमें से करीब एक करोड़ रुपये की लागत से सब्जी मंडी से बालाजी चौक तक 400 मीटर मार्ग बनाया जाएगा। बाकी 2 करोड़ 20 लाख रुपये जरूरत के हिसाब से सड़कों के निर्माण पर खर्च करने की योजना बनेगी।
वेतन और जरूरी खर्च
करीब 1.80 करोड़ रुपये कर्मचारियों के वेतन और अन्य प्रशासनिक खर्चों के लिए रखे गए हैं। इससे वेतन भुगतान और दफ्तर के कामकाज में आ रही दिक्कतें दूर होंगी।
जिले के निकायों को मिला बजट
नारनौल: 20.84 करोड़ रुपये
नांगल चौधरी: 3.66 करोड़ रुपये
कनीना: 2.41 करोड़ रुपये
अटेली: 1.18 करोड़ रुपये
महेंद्रगढ़: 5.12 करोड़ रुपये
वर्जन:
प्रदेश सरकार की ओर से नगर पालिका में पांच करोड़ रुपये का बजट मिला है। इनमें शहर के मुख्य सड़कों व विभिन्न वार्डों के मार्गों का निर्माण करवाना व कर्मचारियों का वेतन व अन्य जरुरी खर्च किए जाएंगें। नपा की ओर से एक करोड़ रुपये सब्जी मंडी से बालाजी चौक तक मार्ग के निर्माण में खर्च करने की योजना तैयार की गई है। बजट मिलने के बाद विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद जगी है।-रमेश सैनी, प्रधान, नगर पालिका, महेंद्रगढ़