कनीना में बस में बैठते हुए श्रमिक।
- फोटो : Narnol
बिहार और मध्य प्रदेश के प्रवासी लोगों को प्रस्थान करने के बाद अब यूपी के लोगों को भेजने की तैयारी की जा रही है। कनीना सब डिविजन में यूपी के विभिन्न जिलों के आये प्रवासी मजदूरों की संख्या करीब साढे़ 3 हजार है। जिनका पंजीकरण कराने के बाद मेडिकल किया गया है। मुजफ्फरपुर के 35 लोगों को रोडवेज की बस से भिवानी भेजा गया। हिसार से चलने वाली ट्रेन के जरिए यह लोग अपने घर पहुंचेंगे।
उन्हें कनीना के विभिन्न तीन अलग अलग शेल्टर होम में एकत्रित किया जाएगा। कनीना खंड के विभिन्न गावों में फसल कटाई, भवन निर्माण एवं अन्य कार्य के लिए आए बिहार व मध्य प्रदेश के लोगों की पहचान करके उनका पंजीकरण, मेडिकल टेस्ट करने के बाद बिहार के करीब 1400, मध्य प्रदेश के 750 प्रवासी चिह्नित किए गए।
ग्राम पंचायतों की ओर से उन सभी लोगों को कनीना में अलग-अलग 3 स्थानों राजकीय महाविद्यालय, रावमा विद्यालय व आरएस वाटिका में ठहराया गया था। जहां उनके खाने के लिए व्यवस्था की गई थी। रावमा विद्यालय के नोडल अधिकारी रमन शास्त्री ने बताया कि वीरवार सुबह मुजफ्फरपुर बिहार के 35 लोगों को रोडवेज की बस से भिवानी के लिए रवाना किया। जिनकी ट्रेन हिसार से संचालित होगी। अन्य लोगों को वीरवार दोपहर बाद राज्य परिवहन की बसों से रेवाड़ी के लिए रवाना किया गया। जहां उन्हें रेल के भेजा जायेगा। एसडीएम रणबीर सिंह, डीएसपी साधुराम, थाना प्रभारी विकास कुमार, बीडीपीओ युद्धवीर सिंधु ने शेल्टर होम में पहुंचकर व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए।
एसडीएम, कनीना रणबीर सिंह ने बताया कि बिहार व मध्य प्रदेश के सभी प्रवासी मजदूरों का पोर्टल पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करने के बाद उनका मेडिकल कराया गया। बसों को सैनिटाइज करवाकर उनके माध्यम से अलग-अलग स्थनों तक छुड़वाने की व्यवस्था करवाई गई है। यूपी के लोगों का पंजीकरण और मेडिकल प्रक्रिया शुरू हो गई है। जिन्हेें जल्द ही उनके घरों तक भेजा जाएगा।