फोटो संख्या:67- पीड़ित अभय सिंह--संवाद
महेंद्रगढ़। तीन ठगों ने पूर्व सैनिक को लॉटरी के नाम पर साढे चार लाख रुपये देने का झांसा देकर महज 10 मिनट में 20 हजार रुपये की चपत लगा दी। सोमवार शाम चार बजे गांव डुलाना निवासी पूर्व सैनिक अभय सिंह जब अपने खेत में फव्वारा लाइन बदलने जा रहा था। तीनों ठग बिना नंबर प्लेट लगी दो बाइक पर सवार होकर पहुंचे थे।
पीड़ित पूर्व सैनिक अभय सिंह ने बताया कि सोमवार शाम को जब वह अपने खेत में जा रहा था तो एक बाइक पर सवार होकर आए दो युवकों ने एक व्यक्ति का पता पूछा। इसी दौरान अन्य बाइक पर तीसरा युवक पहुंच गया। तीनों युवकों ने आपस में बातचीत कर लॉटरी के नाम पर एक पर्ची निकालकर एक बार 10 हजार रुपये की पर्ची में 15 हजार निकालकर साथ वाले युवक को दे दिए। वहीं, दूसरी बार में पर्ची निकालकर 20 हजार रुपये दे दिए। इसके बाद युवकों ने उसे जेब से 500-500 रुपये के नोटों की गड्डी दिखाई।
ठगों के झांसे में आकर उसने एक लॉटरी की पर्ची खरीद दी। जब ठगों ने पर्ची खोलकर दिखाई तो उसमें साढे चार लाख रुपये निकलने की बात कही। इसके बाद उसने अपने घर से युवकों को बीस हजार रुपये लाकर दे दिए। तीनों युवक उसे बातों में उलझाकर फरार हो गए। पीड़ित ने पुलिस को शिकायत देकर वारदात की जानकारी दी। पुलिस ने इस मामले में शिकायत के आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी।