महेंद्रगढ़। आज के समय में मोबाइल फोन सिर्फ बात करने का साधन नहीं रहा, बल्कि यह लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी का जरूरी हिस्सा बन गया है। दुकानदारों का कहना है कि युवा वर्ग मोबाइल खरीदते समय कैमरा क्वालिटी और मेमोरी को सबसे ज्यादा अहमियत दे रहा है। इसके साथ ही बैटरी, रैम, प्रोसेसर और डिस्प्ले भी खरीदारी में मायने रखते हैं।
दुकानदार गौत्तम, शिवाल और राहुल राठी ने बताया कि फरवरी से कई कंपनियों के मोबाइल के दाम बढ़ गए हैं, लेकिन इसका मांग पर कोई खास असर नहीं पड़ा। युवा और नौकरीपेशा लोग बेहतर कैमरा, ज्यादा स्टोरेज और तेज प्रोसेसर वाले फोन को पहली पसंद बना रहे हैं।
सोशल मीडिया पर फोटो-वीडियो बनाने और ऑनलाइन काम बढ़ने से भी ऐसे फोन की मांग तेज हुई है। फिलहाल खरीद थोड़ी धीमी है, लेकिन त्योहारी सीजन में अच्छे कारोबार की उम्मीद है। कीमत ज्यादा होने से कई ग्राहक डिजाइन देखकर ही लौट जाते हैं।
बजट के हिसाब से भी विकल्प मौजूद हैं, 10-20 हजार में रोजमर्रा इस्तेमाल के फोन, 20-40 हजार में बेहतर कैमरा-स्टोरेज वाले मॉडल, 40-70 हजार में प्रीमियम फीचर वाले फोन, और 70 हजार से डेढ़ लाख तक हाई-एंड फ्लैगशिप स्मार्टफोन उपलब्ध हैं। त्योहारी सीजन में मिलने वाले ऑफर से बिक्री बढ़ने की पूरी संभावना जताई जा रही है।