जिला स्वास्थ्य विभाग अब नागरिक अस्पताल समेत सीएचसी केंद्रों पर विशेष कोरोना सैंपल कलेक्शन बाक्स बनवाने जा रहा है। इसके बन जाने के बाद डॉक्टरों को पीपीई किट की जरूरत नहीं होगी। इससे डॉक्टर कोरोना के संदिग्धों के सैंपल लेने वक्त संर्पक में नहीं आते हैं और उन्हें संक्रमण का खतरा कम रहता है। कोविड-19 के नोडल अधिकारी डॉ. सुरेंद्र कुमार ने बताया कि नागरिक अस्पताल के फ्लू कार्नर में कोरोना वायरस के संदिग्धों के सैंपल लेने के लिए खास प्रकार का कलेक्शन बाक्स बनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जीएच के बाद अन्य सीएचसी पर भी इसे बनाया जाएगा। डॉ. सुरेंद्र ने बताया कि फ्लू कार्नर में तैनात डॉक्टर जांच के दौरान कोरोना वायरस के संदिग्ध के संपर्क में नहीं आएगा। इससे डॉक्टर के संक्रमित होने की संभावना न के बराबर रहेगी। जीएच के डिप्टी एमएस डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि कोरोना वायरस को लेकर चल रही स्क्रीनिंग के तहत अभी तक करीब 200 मरीजों की सैंपलिंग हो चुकी है। नागरिक अस्पताल के फ्लू कार्नर में मरीजों की स्क्रीनिंग चल रही है।