नारनौल। नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम में नाले का पानी जमा है। इस कारण खिलाड़ियों को अभ्यास करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
खेल विभाग के अधिकारियों ने पानी की निकासी के लिए नगर परिषद को पत्र लिखकर अवगत करवाया था। इसके बाद नगर परिषद ने पंप सेट लगाकर पानी को निकाला लेकिन अभी भी पानी खेल मैदान में जमा है। इसके पीछे प्रमुख कारण नाले की सफाई नहीं होना है। नाले की सफाई नहीं होने के कारण दूषित पानी की निकासी नहीं हो पाती और गंदा पानी स्टेडियम में जमा हो जाता है।
पानी जमा होने के कारण करीब एक माह से खिलाड़ी अभ्यास नहीं कर पा रहे। वहीं सेना व पुलिस की भर्ती की तैयारी कर रहे युवा भी दौड़ सहित अन्य गतिविधियों का अभ्यास नहीं कर पा रहे। स्टेडियम में जमा पानी के कारण मच्छर जनित बीमारियों के संक्रमण का खतरा भी बना हुआ है।
स्थानीय लोगों व खिलाड़ियों ने प्रशासन से अपील करते हुए कहा कि स्टेडियम में जमा पानी की निकासी का उचित व स्थाई समाधान किया जाए ताकि परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
0
स्टेडियम में अभ्यास करता हूं लेकिन एक महीने से जमा पानी के कारण अभ्यास नहीं कर पा रहे। इस कारण परेशानी हो रही है।
प्रशांत
खेल नर्सरी में तीरंदाजी का अभ्यास करता हूं लेकिन स्टेडियम में जमा पानी के कारण खेल कार्यालय में अभ्यास करना पड़ता है। प्रशासन से अपील है कि पानी की निकासी का प्रबंध किया जाए।
मुकुल
-
स्टेडियम में पानी जमा होने के कारण सुबह व शाम के समय सैर करने वाले लोगों को परेशानी हो रही है। वहीं बीमारियों के संक्रमण का खतरा भी बना हुआ है।
दीपक सैनी
वर्जन :
पंप से पानी निकालने का प्रयास किया गया था लेकिन पीछे से नाला जाम होने के कारण निकासी नहीं हो पाई। आगामी दो दिनों में नाले की सफाई की जाएगी ताकि पानी की निकासी की जा सके। खिलाड़ियों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
पवन, जेई, नगर परिषद