महेंद्रगढ़। जिले में पिछले 24 घंटों के दौरान कुल 48.6 एमएम बारिश में पानी निकासी के सारे दावे डूब गए हैं। नगरपालिका कार्यालय में करीब एक फीट पानी जमा होने से लोगों को दिनभर परेशानी हुई। वहीं शहर का प्रमुख व्यापारिक केंद्र शॉपिंग काम्प्लेक्स के सामने बालाजी चौक से चिंकारा कैंटीन तक दो-दो फीट पानी जमा हो गया।
पिछले 24 घंटों के दौरान रुक- रुककर हुई बारिश में नगरपालिका के जल निकासी के दावे डूबे नजर आए। दिनभर वाहनों के गुजरने के बाद पानी की लहरें दुकानों के अंदर तक पहुंच गईं। अधिक पानी भरा होने से शॉपिंग काम्प्लेक्स के एक हिस्से की दुकानें भी दोपहर बाद ही खुल पाईं।
महेंद्रगढ़ बस स्टैंड, नागरिक अस्पताल, नपा कार्यालय, बालाजी चौक, गोशाला मार्ग, मसानी चौक, सिनेमा मार्ग, माजरा चुंगी, रिवासा पुल, मोहल्ला महायचान, शंकर मार्केट, आईटीआई रोड सहित शहर के नीचे हिस्सों में बारिश का पानी भर गया। इस बार नपा की ओर से समय रहते नालों की सफाई नहीं होने के कारण अब मानसूनी सीजन में लोगों की परेशानियां और बढ़ेंगी। शहर के 15 से अधिक मुख्य नाले व छोटी नालियां कचरे से अटी पड़ी हैं।
मोहल्ला महायचान व कुम्हारान में पंप सेट लगाकर हुई निकासी
शहर के मोहल्ला महायचान व कुम्हारान सबसे नीचे के क्षेत्र में हैं। बारिश के बाद दोनों मोहल्लों में दो-तीन फीट पानी जमा हो गया। नपा व जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को सूचना दी गई। इसके बाद नपा चेयरमैन रमेश सैनी, नपा के कनिष्ट अभियंता मनोज कुमार व जन स्वास्थ्य विभाग के उपमंडल अधिकारी जीयाराम मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों को आश्वासन दिया कि पानी निकासी के लिए जन स्वास्थ्य विभाग के पास पर्याप्त संसाधन हैं। दो किलोमीटर लंबी ट्यूब से जल्द ही पानी की निकासी कर दी जाएगी।
कहां कितनी हुई बारिश
नारनौल - 42.0 एमएम
महेंद्रगढ़ - 56.0 एमएम
कनीना - 52 एमएम
अटेली - 37 एमएम
सतनाली - 45 एमएम
नांगल चौधरी - 25 एमएम
शहर में पानी निकासी के लिए नपा व जन स्वास्थ्य विभाग के पास पर्याप्त संसाधन हैं। जहां आवश्यकता होगी वहां पंप सेट लगवाकर पानी निकासी की जाएगी। शहर के अधिकांश नालों की सफाई करा दी गई है। जल भराव की समस्या को लेकर अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने को कहा गया है।
-रमेश सैनी, नगरपालिका चेयरमैन महेंद्रगढ़।
फोटो संख्या:73- बालाजी चौक पर भरा बारिश का पानी--स्रोत--संवाद
फोटो संख्या:73- बालाजी चौक पर भरा बारिश का पानी--स्रोत--संवाद
फोटो संख्या:73- बालाजी चौक पर भरा बारिश का पानी--स्रोत--संवाद
फोटो संख्या:73- बालाजी चौक पर भरा बारिश का पानी--स्रोत--संवाद
फोटो संख्या:73- बालाजी चौक पर भरा बारिश का पानी--स्रोत--संवाद