फोटो नंबर-24सड़क हादसे के बाद हाइवे पर जाम लगाकर खड़े ग्रामीण। स्रोत-ग्रामीण
नारनौल। निजामपुर के गांव घाटाशेर के पास नेशनल हाईवे 148-बी पर बुधवार देर शाम हुए सड़क हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान लोगों ने प्रदर्शन करते हुए प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लगाए।
जानकारी के अनुसार बुधवार शाम करीब 6 बजे लॉजिस्टिक हब की ओर जा रही एक बोलेरो ने स्कूटी सवार हरिराम को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत घायल को उठाकर नागरिक अस्पताल नारनौल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। फिलहाल उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर एकत्रित हो गए और नेशनल हाईवे पर जाम लगा दिया। ग्रामीणों का कहना था कि इस मार्ग पर लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन पुलिस और प्रशासन कोई ठोस कदम नहीं उठा रहे। उन्होंने सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की।
सूचना मिलने पर निजामपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची जिसने लोगों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस के रवैये से नाखुश लोगों ने जाम नहीं खोला। इसके बाद में सदर थाना प्रभारी धर्मवीर सिंह रात करीब 9 बजे मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाकर जाम खुलवाया।
उन्होंने लोगों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है।