महेंद्रगढ़। विद्यार्थियों की अंग्रेजी भाषा की समझ, व्याकरण और शब्दावली की जानकारी परखने के उद्देश्य से अमर उजाला ओलंपियाड द्वितीय चरण की परीक्षा का आयोजन किया गया। गांव खातोद स्थित आरपीएस सीनियर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित परीक्षा में विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। कक्षा एक से दसवीं तक के विद्यार्थियों ने अंग्रेजी विषय का प्रश्नपत्र हल किया।
परीक्षा प्राचार्य डॉ. किशोर तिवारी की निगरानी में आयोजित की गई। परीक्षा में विद्यार्थियों की कक्षा और शैक्षणिक स्तर के अनुसार प्रश्न पूछे गए। प्रश्नपत्र में अंग्रेजी व्याकरण, शब्दों के अर्थ, वाक्य निर्माण, सही शब्दों का चयन, रीडिंग और भाषा की समझ से जुड़े सवाल शामिल रहे। विद्यार्थियों को निर्धारित समय में सभी प्रश्न हल करने थे। परीक्षा के दौरान विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और एकाग्रता के साथ अपनी प्रतिभा दिखाई।
ओलंपियाड के माध्यम से विद्यार्थियों की अंग्रेजी विषय पर पकड़, भाषा कौशल और प्रश्नों को समझकर सही उत्तर देने की क्षमता का आकलन किया गया। इस तरह की प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों को अपनी तैयारी परखने और आत्मविश्वास बढ़ाने का अवसर मिलता है।