फोटो संख्या:-71 गांव श्यामपुरा में पंचायत की जमीन पर कब्जा हटाते हुए प्रशासनिक अधिकारी---स्र
सतनाली। खंड सतनाली के गांव श्यामपुरा में प्रशासन ने मंगलवार को पुलिस बल की मौजूदगी मे ग्राम पंचायत की 10.5 एकड़ भूमि से कब्जा हटाया। इस विवादित भूमि पर कब्जे की शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद राजस्व विभाग, पंचायत विभाग और स्थानीय प्रशासन की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। इस दौरान सुरक्षा की दृष्टि से मौके पर एंबुलेंस व अन्य व्यवस्था की गई थी।
ड्यूटी मजिस्ट्रेट जितेंद्र चौहान बीडीपीओ सतनाली ने बताया कि पंचायत भूमि को ग्राम पंचायत की आमदनी के लिए हर वर्ष पट्टे पर दी जाती है। लेकिन कुछ लोगों द्वारा इस पर छह माह से अवैध रूप से कब्जा किया गया था।
प्रशासन ने पहले संबंधित लोगों को नोटिस जारी कर भूमि खाली करने के निर्देश दिए थे। निर्धारित समय सीमा पूरी होने के बाद अधिकारियों ने पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई करते हुए भूमि को कब्जा मुक्त कराया।
कार्रवाई के दौरान राजस्व अधिकारियों ने भूमि की पैमाइश कर सीमांकन किया और पंचायत की जमीन को पुनः अपने नियंत्रण में लिया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सरकारी और पंचायत भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा भविष्य में भी ऐसे मामलों में सख्त कदम उठाए जाएंगे।
सरपंच कविता रानी और पंचायत प्रतिनिधियों ने कब्जा हटाने पर प्रशासन का आभार जताया है। अब पंचायत की इस जमीन को पट्टे पर दिया जाएगा जिससे ग्राम पंचायत की आमदनी बढ़ेगी। प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि यदि कहीं भी सरकारी या पंचायत भूमि पर अवैध कब्जे की जानकारी हो तो इसकी सूचना तुरंत संबंधित विभाग को दें, ताकि कार्रवाई की जा सके।