फोटो नंबर-27बाजार में अतिक्रमण करने वालों के चालान काटती नप टीम। संवाद
नारनौल। शहर में अतिक्रमण हटाने के लिए चलाया जा रहा अभियान एक बार फिर ढीला पड़ते ही प्रभावहीन होता दिखाई दे रहा है। पिछले कई दिनों से नगर परिषद की टीम लगातार बाजार में कार्रवाई कर रही थी जिसके तहत 15 दिनों के भीतर करीब 30 लोगों के चालान काटे गए और कई दुकानदारों का सामान भी जब्त किया गया।
इस कार्रवाई से कुछ समय के लिए बाजारों में अतिक्रमण कम हुआ, लेकिन जैसे ही अभियान में एक-दो दिनों की ढील दी गई, दुकानदारों ने दोबारा फुटपाथ और सड़क तक कब्जा जमाना शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर परिषद की कार्रवाई केवल कुछ समय के लिए असर करती है।
अभियान समाप्त होते ही बाजारों में दोबारा अतिक्रमण की समस्या बन जाती है। कई दुकानदार अपनी दुकानों के बाहर इतना सामान फैलाते हैं कि सड़क का बड़ा हिस्सा घिर जाता है। स्थिति यह है कि चारपहिया वाहनों का बाजार में निकल पाना लगभग असंभव हो गया है जबकि दोपहिया वाहन भी जाम में फंसे रहते हैं।
शहर के प्रमुख बाजार महावीर मार्ग, पुल बाजार, मानक चौक और आजाद चौक में अतिक्रमण की समस्या सबसे अधिक गंभीर है। इन मार्गों पर पैदल चलने तक में कठिनाई होती है। आमजन को रोजाना यातायात जाम और भीड़भाड़ का सामना करना पड़ता है।
नगर परिषद द्वारा समय-समय पर अभियान चलाने के बावजूद समस्या ज्यों की त्यों बनी हुई है। नागरिकों का कहना है कि जब तक सख्त और लगातार निगरानी नहीं होगी, तब तक बाजारों से अतिक्रमण पूरी तरह समाप्त नहीं होगा।
अतिक्रमण को लेकर नियमित रूप से चालान काटे जा रहे हैं। इस महीने 15 दिनों में 30 के करीब चालान काटे हैं। अतिक्रमण को लेकर कार्रवाई जारी रहेगी और चालान भी काटे जाएगें।
प्रवीण खटक, जेई नगर परिषद, नारनौल।