महेंद्रगढ़। नगरपालिका एवं प्रशासन की ओर से बुधवार को चलाया गया अतिक्रमण हटाओ अभियान मजाक बन गया। प्रशिक्षु नायब तहसीलदार एकता की ओर से शहर की सब्जी मंडी के मुख्य द्वार के पास 2:40 बजे जिन रेहड़ियों को हटावाया गया था वह महज 10 मिनट बाद 2:50 बजे फिर गेट के पास वहीं खड़ी मिली।
नायब तहसीलदार नपा टीम के साथ करीब दो घंटे तक शहर में अभियान चलाया। दोपहर दो बजे शुरू हुए अभियान के दौरान नायब तहसीलदार एकता नपा की टीम के साथ शंकर मार्केट, शॉपिंग काॅम्प्लेक्स, बालाजी चौक, विश्वकर्मा चौक, आंबेडकर चौक पहुंची।
2:40 मिनट पर जब नायब तहसीलदार टीम के साथ सब्जी मंडी पहुंची तो मुख्य गेट के सामने खड़ी रेहड़ी संचालकों को सख्त चेतावनी देते हुए चार रेहड़ियां हटवाकर सब्जी मंडी रोड की ओर निकल गई।
इसके महज 10 मिनट बाद 2:50 बजे रेहड़ी चालकों ने रेहड़ियों को फिर से उसी स्थान पर खड़ा कर इस अभियान को ठेंगा दिखा दिया। हालांकि दौरान 10 दुकानदारों के 200 रुपये से 500 रुपये के चालान किए गए व 15 दुकानदारों के सामान को जब्त किया गया।
बता दें कि नगरपालिका की ओर से पिछले एक माह से अतिक्रमण हटाने के लिए कार्रवाई की जा रही है। इस दौरान शहर मुनादी कराने के साथ-साथ नियमित प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से निगरानी भी की जा रही है लेकिन नगरपालिका की ओर से शहर के मुख्य बाजारों में न ही तो मार्किंग कराई गई है और न ही कोई स्थान निर्धारित किया गया है।
इसके कारण रेहड़ी संचालकों की ओर से एक बार टीम आने पर कुछ देर के लिए रेहड़ियां हटा ली जाती हैं और टीम जाने के बाद फिर उसी स्थान पर खड़ी कर दी जाती हैं।
सब्जी मंडी के एक गेट पर अधिक ध्यान, दूसरा गेट झेल रहा अतिक्रमण की मार
सब्जी मंडी में दो मुख्य गेट हैं। इसमें से गेट नंबर एक पर तो नगरपालिका एवं प्रशासन का पूरा ध्यान है लेकिन गेट नंबर दो वर्षों से अतिक्रमण के कारण बंद पड़ा है। यह दोनों गेट खुलने से सब्जी मंडी व शहर को भी जाम की समस्या से निजात मिलेगी। क्योंकि एक गेट अक्सर बंद रहने से चौपहिया वाहनों का एक गेट से ही आवागमन होता है जिसके कारण मुख्य सड़क पर जाम जैसे हालात दिनभर बने रहते हैं।
-
वर्जन
शहर में दुकानदार शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के बरामदे व सड़कों पर अपना कोई भी स्थाई या बेचने वाली वस्तु नहीं रखें। सार्वजनिक मार्गों पर यदि कोई अस्थायी सामान, काउंटर या अन्य अतिक्रमण पाया गया तो उसे जब्त कर लिया जाएगा। कोई भी रेहड़ी-पटरी वाला यदि सड़क से सटाकर रेहड़ी लगाता पाया गया तो उसके विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
-आईएएस कनिका गोयल, उपमंडल अधिकारी महेंद्रगढ़।
फोटो संख्या:57- दोपहर 2:40 बजे सब्जी मंडी मुख्य द्वार से रेहड़ी हटवाती प्रशिक्षु नायब तहसीलदार