फोटो नंबर-10वेतन नहीं मिलने पर रोष व्यक्त करते कर्मचारी। स्रोत: संगठन
नारनौल। हरियाणा गवर्नमेंट पीडब्ल्यूडी मैकेनिकल वर्क्स यूनियन की वीरवार को पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में बैठक हुई। बैठक में कर्मचारियों को जुलाई का वेतन अब तक नहीं मिलने पर चिंता जताई गई। कर्मचारियों ने कहा कि वेतन में देरी से उन्हें घर का खर्च चलाने में परेशानी हो रही है। उन्होंने प्रशासन से लंबित वेतन जल्द जारी करने की मांग की।
बैठक की अध्यक्षता यूनियन प्रधान कपिल ने की जबकि संचालन ब्रांच कोषाध्यक्ष विकास कुमार ने किया। कर्मचारियों ने कहा कि वे समय पर अपनी ड्यूटी पूरी कर रहे हैं, इसलिए उन्हें वेतन के लिए इंतजार नहीं करवाया जाना चाहिए।
यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि जुलाई माह का लंबित वेतन जारी करवाने के लिए संबंधित अधिकारियों के सामने मामला उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि वेतन कर्मचारियों की मेहनत का अधिकार है, कोई एहसान नहीं।
बैठक में एसकेएस प्रधान कौशल यादव, जिला कैशियर नरेंद्र कुमार, जिला सह सचिव सतीश सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। यूनियन ने कर्मचारियों से इस मांग को लेकर एकजुट रहने की अपील की।