मंडी अटेली। सामाजिक विसंगतियों को दूर करने के उद्देश्य से रविवार को शिक्षाविद सत्यवीर सिंह की अध्यक्षता में श्री हनुमान मंदिर अटेली में बैठक हुई। इसमें सामाजिक बुराइयों को दूर करने पर जोर दिया गया।
समाज के ज्वलंत मुद्दों पर विचार विमर्श के उपरांत सामाजिक जागृति के लिए सर्व जातीय मंच का गठन किया गया। साथ ही सर्व सम्मति से मास्टर धर्मेंद्र यादव को प्रधान तथा मास्टर रामसिंह यादव को उप प्रधान चुना गया। प्रवक्ता बाबूलाल बेगपुर, सामाजिक कार्यकर्ता तेजप्रकाश चंदपुरा, हरि सिंह बजाड़, अभय सिंह सलीमपुर, नरेंद्र राता, हनुमान गनियार, सुरेश लांबा गढ़ी, मुकेश पृथ्वीपुरा, प्रकाश नंबरदार, बहादुर सिंह, भूपेंद्र चौधरी, अमीलाल यादव, सांवत सिंह तथा दिनेश आर्य को मंच कार्यकारिणी सदस्य चुना गया।
विशिष्ट वक्ता डॉ. सीएस वर्मा प्रभाकर ने कहा कि समाज में व्याप्त विसंगतियों के कारण हमारा सामाजिक ताना बाना छिन्न भिन्न होता जा रहा है जो एक गंभीर समस्या है। कार्यक्रम संयोजक मास्टर रामसिंह यादव ने बताया कि सर्वजातीय मंच खंड अटेली के गांवों तथा शिक्षण संस्थानों में पहुंचकर युवाओं तथा बच्चों का उचित मार्गदर्शन करेगा। इस अवसर पर शिक्षाविद हरि सिंह यादव, दिनेश रोहिला, सुनील दत्त, हरीश यादव, रघुबीर लखेरा, किशोरी लाल रोहिला व मा. हरदूल सिंह सहित क्षेत्र के सैकड़ों गणमान्य लोग मौजूद रहे।