कनीना। उपमंडल के गांव करीरा के पूर्व सरपंच राकेश कुमार के खिलाफ सरकारी 7 लाख रुपये राशि का गबन करने के आरोप में कनीना शहर थाना पुलिस ने आईपीसी की धारा 409 के तहत केस दर्ज किया है। खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी अरुण कुमार की ओर से सरपंच सपना यादव की शिकायत के बाद जांच की थी, जिसमें नहर से जोहड़ में पानी की पाइप लाइन लगाने में करीब सात लाख रुपये के गबन का मामला उजागर हुआ था।
बीडीपीओ अरुण कुमार ने 14 सितंबर 2023 को जांच रिपोर्ट सहित शिकायत उच्च अधिकारियों तथा पुलिस अधीक्षक नारनौल को भेजकर कार्रवाई की अनुसंशा की थी। पुलिस की इकोनॉमिक सेल ने करीब ढाई माह तक जांच करने के बाद रिपोर्ट को सही पाया।
एसपी की स्वीकृति के बाद कनीना शहर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया। बीडीपीओ ने जांच रिपोर्ट में बताया कि करीरा गांव की वर्तमान सरंपच सपना यादव ने पंचायत फंड के कोओपरेटिव बैंक खाते से 532843 रुपये अचानक से कट जाने शिकायत उनके कार्यालय में की थी। इस पर संज्ञान लेते हुए महेंद्रगढ़ केंद्रीय सहकारी बैंक लिमिटेड शाखा कनीना को पत्र लिखकर ग्राम पंचायत करीरा के पंचायत फंड से पैसे काटे जाने की स्थिति स्पष्ट करने के लिए कहा गया। बैंक प्रबंधक ने बताया कि तत्कालीन ग्राम पंचायत करीरा ने एक चेक जय गुरुदेव सपन पाइप लिमिटेड जरथल को 5,32,843 रुपये का दिया था। तकनीकी कारणों से यह पैसा पंचायत के खाते से कट नहीं पाया था, जो बैंक की ऑडिट में पता लगने पर पंचायत के खाते से काटा गया है।
जब इस मामले की बारीकी से जांच की गई तो पता चला कि पूर्व सरपंच राकेश कुमार ने पंचायत फंड का दुरुपयोग कर अक्तूबर 2020 में पाइपलाइन की मजदूरी के नाम पर 532340 निकाल लिए, जबकि पंचायत विभाग के कनिष्ठ अभियंता मंजीत सिंह की रिपोर्ट के अनुसार 451 आरसीसी पाइप लगाने की 194087 रुपये ही मजदूरी बनती है। जांच रिपोर्ट में सामने आया कि पाइप खरीदने में भी 532843 की पेमेंट पूर्व सरपंच राकेश कुमार के द्वारा की गई है, जबकि यह कार्य उससे पूर्व सरपंच श्याम फूल के द्वारा शुरू किया था। पूर्व सरपंच श्यामफुल ने चार्ज देते समय 281 आरसीसी पाइप स्टॉक में दिए थे। पूर्व सरपंच राकेश कुमार के द्वारा 134 पाइप ही खरीदे जाने थे। इनकी कीमत करीब 168000 रुपये बनती है। पूर्व सरपंच राकेश कुमार ने आरसीसी पाइप खरीदने व उनको लगाने में करीब 703094 का पंचायत फंड को नुकसान पहुंचाया है। बीडीपीओ अरुण कुमार ने कहा कि पूर्व सरपंच राकेश कुमार ने 703094 रुपये का गबन किया है। इसकी जांच रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी गई थी। आपराधिक कार्रवाई के लिए एसपी को भी शिकायत भेजी थी। इस पर मंगलवार को केस दर्ज किया गया है। थाना अध्यक्ष कमलदीप राणा ने बताया कि पूर्व सरपंच राकेश कुमार के खिलाफ गबन का केस दर्ज कर छानबीन शुरू की गई है। पूर्व सरपंच राकेश कुमार ने कहा कि उन्होंने किसी प्रकार का कोई गबन नही किया। पंचायत का सारा रिकार्ड सचिव को दे दिया था। पंचायत द्वारा कार्य करवाने के बाद नियमानुसार एमबी भरकर भुगतान किया गया था।