नारनौल। जिले में ठंड के साथ बिजली की खपत में करीब 22 फीसदी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। 20 नवंबर को अब तक सबसे ज्यादा 49.76 लाख यूनिट बिजली की खपत हुई है। जबकि एक से दस नवंबर तक 38 से 40 लाख यूनिट प्रतिदिन के आसपास बनी हुई थी। इसके बाद से खपत में लगातार बढ़ोतरी जारी है।
तापमान में गिरावट के साथ ही गीजर, हीटर व रॉड जैसे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्रयोग में भी बढ़ोतरी हुई है। वहीं इस समय क्षेत्र में किसान सरसों की फसल में सिंचाई कर रहे हैं। इसकी वजह से भी बिजली की खपत में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। आगामी दिनों में ठंड बढ़ने व गेंहू में सिंचाई के कारण बिजली की खपत में और अधिक बढ़ोतरी की संभावना है।
अधिकारियों के अनुसार अगर बिजली की खपत अधिक बढ़ या आवश्यकता हुई तो नए ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे ताकि लोड को ठीक से बांटा जा सके और बिजली की आपूर्ति सुचारू बनी रहे।
खपत का 64 फीसदी हिस्सा सिंचाई में खर्च
एक नवंबर से अब तक जिलेभर में बिजली की कुल खपत करीब 8.75 लाख यूनिट दर्ज की गई है जिसमें से 64 प्रतिशत बिजली की खपत केवल सिंचाई में हुई है। जानकारी के अनुसार, सिंचाई के लिए नवंबर में कुल 5.60 करोड़ यूनिट की खपत हुई है। वहीं शहरी घरेलू क्षेत्र में 93.44 लाख व ग्रामीण घरेलू क्षेत्र में 1.88 करोड़ यूनिट बिजली की खपत हुई है। इसके अलावा औद्योगिक क्षेत्र में करीब 33 लाख यूनिट बिजली की खपत हुई है।
वर्जन
सर्दियों के मद्देनजर हुडा सेक्टर, निजामपुर रोड, सिंघाना रोड, नागरिक अस्पताल के पास टहनियों की छंटाई का कार्य किया जा चुका है। वहीं अन्य स्थानों पर कार्य किया जा रहा है ताकि कोहरे के दौरान बिजली आपूर्ति सुचारू बनी रहे। -मोहम्मद अजहरूद्दीन, शहरी एसडीओ, नारनौल
वर्जन :
ग्रामीण क्षेत्रों में पेड़ों की टहनियों की छंटाई व लाइन की मरम्मत का कार्य किया जा रहा है। वहीं अधिक लोड वाले फीडर की सूची बनाई जाएगी और आवश्यकता अनुसार ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे। -लोकेश कुमार, ग्रामीण एसडीओ, नारनौल
-
जिले में बिजली खपत की (यूनिट लाखों में) स्थिति
दिन बिजली खपत
10 नवंबर 38.89
11 नवंबर 40.64
12 नवंबर 41.81
13 नवंबर 42.53
14 नवंबर 44.12
15 नवंबर 44.69
16 नवंबर 44.09
17 नवंबर 49.06
18 नवंबर 48.59
19 नवंबर 49.69
20 नवंबर 49.76