नारनौल। जिला बार एसोसिएशन के चुनाव 15 दिसंबर को करवाए जाएंगे। इसके लिए सुबह 9 बजे से सायं 4 बजे तक मतदान होगा। यह जानकारी देते हुए जिला बार एसोसिएशन के मुख्य चुनाव अधिकारी रविंद्र सिंह यादव एडवोकेट ने बताया कि जिला बार एसोसिएशन के प्रधान, उपप्रधान, सचिव एवं संयुक्त सचिव पदों के लिए चुनाव मतदान से होगा। मतदान महिला बार एसोसिएशन परिसर में करवाया जाएगा।
चुनाव अधिकारी ने बताया कि 29 नवंबर से एक दिसंबर को शाम चार बजे तक का समय नामांकन के लिए निर्धारित किया गया है। नामांकन के बाद 2 दिसंबर को नामांकनों की छंटनी की जाएगी। 4 दिसंबर तक उम्मीदवार नामांकन वापस से सकते हैं। नामांकन वापसी उपरांत चुनाव मैदान में रहे प्रत्याशियों की सूची को अंतिम रूप दिया जाएगा तथा चुनाव मैदान में रहे प्रत्याशियों को उसी दिन शाम चार बजे चुनाव चिह्न दिए जाएंगे। 15 दिसंबर को मतदान कराया जाएगा। मतदान के उपरांत मतों की गणना कर चुनाव परिणाम की घोषित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों को प्रत्येक पद के लिए नामांकन सिक्योरिटी फीस के रूप में 1100 रुपये अदा करने होंगे। यह राशि नॉन-रिफंडेबल होगी। उन्होंने बताया कि जिला बार एसोसिएशन नारनौल में फिलहाल 755 सदस्य हैं, जो मतदान का हिस्सा बन सकेंगे। चुनाव लड़ने के लिए उम्मीदवार का बार सदस्य होना अनिवार्य है। चुनाव में एआरओ के तौर पर रामजीलाल यादव एडवोकेट एवं रंधावा सिंह एडवोकेट चुनाव के समय मौजूद रहेंगे। चुनाव अधिकारी रविंद्र यादव एडवोकेट ने बताया कि चुनाव लड़ने के लिए उम्मीदवारों की योग्यता निर्धारित की गई है। जिसमें प्रधान पद के लिए बार काउंसिल एनरोलमेंट से लेकर अब तक की दस साल या इससे ज्यादा की रेगुलर एक्टिव प्रैक्टिस होनी चाहिए। उपप्रधान पद के लिए कम से कम पांच साल, सचिव पद के लिए पांच साल तथा सह सचिव, कोषाध्यक्ष, लाइब्रेरियन एवं ऑडिटर पदों के लिए तीन साल की रेगुलर प्रैक्टिस अनिवार्य की गई है।