जिले के आठ खंडों की बृहस्पतिवार को होने वाली पंचायत समिति सदस्यों और जिला परिषद के चुनाव की मतगणना के लिए प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली है। 10, 17 और 24 जनवरी को हुए पंचायती चुनावों का आखिरी परिणाम बृहस्पतिवार दोपहर तक आ जाएगा। अबकी बार जिला परिषद के 20 वार्डों के लिए कुल 235 उम्मीदवार अपना भाग्य आजमा रहे है। इसमें 152 पुरुष उम्मीदवार और 83 महिला उम्मीदवार शामिल हैं। इसके अलावा पंचायत समिति सदस्य के जिले में 157 वार्डों के लिए कुल 640 उम्मीदवार चुनाव मैदान है। इन सभी उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला बृहस्पतिवार दोपहर तक हो जाएगा।
पंचायत समिति सदस्य
कनीना खंड के 29 वार्डों कुल 103 उम्मीदवार के बीच मुकाबला है। जिनमें 59 पुरुष उम्मीदवार और 44 महिला उम्मीदवार शामिल हैं। वहीं सीहमा खंड के 12 वार्डों में कुल 49 उम्मीदवार अपना भाग्य आजमा रहे हैं। इनमें 19 पुरुष उम्मीदवार व 30 महिला उम्मीदवार शामिल है। इसके अलावा अटेली खंड के 18 वार्डों में कुल 85 उम्मीदवार है। जिसमें 56 पुरुष उम्मीदवार व 29 महिला उम्मीदवार शामिल है। इसी प्रकार नारनौल खंड के 26 वार्डों में 78 पुरुष व 37 महिला उम्मीदवारों बीच कड़ा मुकाबला है। दूसरी ओर महेंद्रगढ़ खंड के 28 वार्डों में 57 पुरुष व 41 महिला उम्मीदवार दौड़ में शामिल है, जबकि सतनाली खंड के 13 वार्डों में कुल 55 उम्मीदवार अपना भाग्य आजमा रहे है। इसी प्रकार नांगल चौधरी खंड के 18 वार्डों में 55 पुरुष व 28 महिला उम्मीदवार और निजामपुर खंड के कुल 13 वार्डों में 52 उम्मीदवार चुनाव मैदान में है।