हरियाणा स्कूल लेक्चरर एसोसिएशन (हसला) के जिला प्रधान का चुनाव रविवार को राजकीय मॉडल संस्कृति विद्यालय नारनौल में होगा। चुनाव के दौरान वीडियो रिकार्डिंग कराई जाएगी। 1120 मतदाता हसला के जिला प्रधान का चुनाव करेंगे।
जिला प्रधान प्रदीप कुमार ने बताया की सात फरवरी को जिला प्रधान एवं ब्लॉक प्रधान के चुनाव को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई है। चुनाव निष्पक्ष एवं शांतिपूर्वक कराने के लिए इंतजाम किए गए हैं। जिला प्रधान के लिए पांच प्रत्याशी मैदान में हैं। ब्लॉक प्रधान के लिए अटेली, कनीना, नांगल चौधरी एवं नारनौल ब्लॉक से निर्विरोध रूप से चुनाव हो गया है। महेंद्रगढ़ ब्लॉक के प्रधान हेतु दो उम्मीदवार मैदान में हैं। प्रदीप यादव ने बताया कि मतदान के लिए वीडियोग्राफी का भी प्रबंध किया गया है ताकि किसी तरह की कोताही ना हो। मतदान का समय सुबह नौ से शाम चार बजे तक रहेगा। मतदान के तुरंत बाद मतगणना की जाएगी और विजय उम्मीदवार का नाम घोषित किया जाएगा। चुनाव के लिए स्टेट बॉडी की तरफ से चुनाव की टीम विद्यालय पर पहुंचेगी। इस दौरान कोरोना हिदायतों का ध्यान रखा जाएगा।
पांच टीचर हैं मैदान में
हसला के जिला प्रधान पद के लिए दुष्यंत कुमार, वीर सिंह, नरेश कुमार, सुरेंद्र कुमार और युधिष्ठर ने नामांकन किया हुआ है। चुनाव में 1120 लेक्चरर अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। हसला के प्रधान का चुनाव तीन साल के लिए होता है।