कनीना। श्रीकृष्ण गोशाला समिति कनीना में करीब 23 साल बाद चुनाव की नौबत आई है। समिति के प्रशासक एवं पूर्व प्राचार्य कृष्ण कुमार यादव ने शनिवार को चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी। प्रधान, उपप्रधान, सचिव, सह सचिव और खजांची समेत पांच पदों के लिए चुनाव प्रक्रिया शुरू होगी। चुनाव कार्यक्रम जारी होते ही क्षेत्र में समिति के 31 सदस्यों की भूमिका अहम हो गई है।
प्रशासक कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि चुनाव लड़ने के इच्छुक उम्मीदवार 12 व 13 सितंबर को सुबह 9 से शाम 5 बजे तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। 14 सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी। 15 सितंबर को नामांकन वापस लिए जा सकेंगे। 16 सितंबर को सदस्यों की सूची जारी होगी और 17 सितंबर को उम्मीदवारों को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। मतदान 18 सितंबर को सुबह 8 से दोपहर 3 बजे तक होगा।
23 साल में पहली बार चुनाव
श्रीकृष्ण गोशाला समिति की स्थापना वर्ष 2003 में हुई थी। स्थापना के बाद से अब तक पदाधिकारियों का चयन आपसी सहमति से होता रहा है। पहली बार चुनाव प्रक्रिया शुरू होने से समिति में नई चर्चा शुरू हो गई है। हालांकि, यह भी संभव है कि 31 सदस्य मतदान के बजाय सहमति से पांचों पदों पर पदाधिकारी चुन लें। अब सबकी नजर 18 सितंबर पर है।