महेंद्रगढ़। नपा हाउस की ओर से एक सप्ताह तक किए गए अनिश्चितकालीन धरने के बाद प्रदेश सरकार व नपा के अधिकारियों की नींद खुली तो तेजी से विकास कार्य भी सिरे चढ़ने की उम्मीद जगी है। मंगलवार से शहर के प्रत्येक वार्ड में घर-घर कचरा उठाने के लिए एक-एक ट्रैक्टर-ट्राॅली भी पहुंच गए। लंबे समय से पड़े कूड़े के ढेरों को भी बुलडोजर से उठाया गया। वहीं सड़कों के गड्ढों को भरने की कवायद भी तेज कर दी गई है। बुधवार से ही कर्मचारियों की तीन टीम बनाकर पुरानी स्ट्रीट लाइट को बदलने का काम शुरू हो जाएगा।
जब तक घर-घर कचरा कलेक्शन के टेंडर नहीं हो जाते तब तक नपा की ओर से 10 ट्रैक्टर-ट्राली से शहर का कचरा उठाया जाएगा। वहीं शहर को जगमग करने के लिए नपा के कर्मचारियों की तीन टीम बुधवार से स्ट्रीट लाइट लगाने का काम शुरू करेंगी। शहर की बदहाल सड़कों के अधिकांश गड्ढे भरे जा चुके हैं। जिम्मेदारों का दावा है कि बारिश के मौसम के बाद शीघ्रता से निर्माण कार्य भी शुरू हो जाएगा। पिछले दो साल से कार्यालयों में धूल फांक रही 11 हट्टा बाजार की फाइल को भी प्रशासनिक स्वीकृति मिल चुकी है। इसके लिए 3.7 करोड़ रुपये का बजट तय किया गया है। पूरे शहर को जगमग करने के लिए नए पोल व तार लगाने के लिए अधिकारियों की ओर से 98.94 लाख रुपये का बजट तैयार किया जा चुका है।
दो जेई की हुई नियुक्ति, दो पूर्व अधिकारियों की होगी तैनाती
एक सप्ताह चले धरने के कारण सरकार ने भी संज्ञान लिया। गत रविवार को बाजार बंद के बाद शहरी निकाय विभाग के निदेशक यशपाल यादव ने मौके पर पहुंचकर अधिकारियों को जल्द सभी प्रकार की प्रक्रिया पूरी कराने के निर्देश दिए थे। इसके बाद जिला नगर आयुक्त महाबीर प्रसाद की ओर से नपा महेंद्रगढ़ में एक स्थाई जेई के रूप में नवदीप की तैनाती कर दी थी। साथ ही एक अस्थाई जेई की नियुक्ति के भी आदेश दिए थे। जबकि विकास कार्यों के टेंडर प्रक्रिया में तेजी लाने व विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए नपा के दो पूर्व अधिकारियों का सहयोग भी लिया जाएगा। इनमें नपा के पूर्व एमई रहे बस्तीराम की नियमानुसार नियुक्ति के लिए प्रयास शुरू कर दिए हैं।
नपा हाउस द्वारा पास किए गए 50 प्रस्तावों के धरातल पर उतरने की जगी उम्मीद
पिछले दो सालों से कोई विकास कार्य धरातल पर नहीं उतर पा रहे थे। हालांकि इस दौरान नपा हाउस द्वारा 17 मुख्य एजेंडों पर प्रस्ताव पास किए थे जबकि 15 वार्ड पार्षदों की ओर से 33 प्रस्ताव रखे गए थे। हालांकि दो साल के दौरान इनमें से एक भी प्रस्ताव धरातल पर नहीं उतर पाया था। धरने व भूख हड़ताल के बाद अब विकास कार्याें में भी तेजी आने की उम्मीद जगी है।
पिछले दो दिन में 11 हट्टा बाजार, रेलवे रोड के गड्ढे भरवाए जा चुके हैं। आज स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए काम शुरू कर दिया जाएगा। इसके साथ की शहर की विभिन्न गलियों में भी तेज गति से पैचवर्क का काम पूरा किया जाएगा। आगामी एक माह के समय में अधिकांश परियोजनाओं को धरातल पर उतारने का प्रयास रहेगा।
-रमेश सैनी, चेयरमैन नगरपालिका महेंद्रगढ़।
फोटो संख्या: 55 माॅडल संस्कृति स्कूल के पास नाले की सफाई करते हुए सफाई कर्मचारी---संवाद
फोटो संख्या: 55 माॅडल संस्कृति स्कूल के पास नाले की सफाई करते हुए सफाई कर्मचारी---संवाद
फोटो संख्या: 55 माॅडल संस्कृति स्कूल के पास नाले की सफाई करते हुए सफाई कर्मचारी---संवाद
फोटो संख्या: 55 माॅडल संस्कृति स्कूल के पास नाले की सफाई करते हुए सफाई कर्मचारी---संवाद