शिक्षामंत्री रामबिलास शर्मा ने अपने आवास जयराम सदन पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि एक-दो दिन में अधिवक्ताओं की एडीजे और फैमिली कोर्ट की मांग पूरी होगी। उन्होंने कहा कि इस मांग को लेकर लगातार काम कर रहे हैं। बहुत जल्द खुद लेटर लेकर धरना स्थल पर जाएंगे।
जिला मुख्यालय, एडीजे और फैमिली कोर्ट की मांग को बार एसोसिएशन ने बुधवार को 28वें दिन भी हड़ताल जारी रखी। बुधवार को पांच अधिवक्ताओं के अलावा पांच मुंशी भी अनशन पर बैठे। अधिवक्ता योगेश वर्मा, सतबीर रिवासा, कुलदीप सैनी, अशोक कुमार तथा प्रेमराज अनशन पर रहे। मुंशी सत्यनारायण तिवाड़ी, दयाशंकर, संजय, ब्रह्म, सुरेश कुमार अनशन पर बैठे रहे। वरिष्ठ अधिवक्ता बीएस शेखावत ने शिक्षामंत्री रामबिलास शर्मा से फोन पर भी बातचीत की तो मंत्री ने उन्हें आश्वासन दिया कि एक या दो दिन में उनकी कोर्ट की मांगेें पूरी हो जाएंगी। बार के प्रधान रवींद्र यादव ने कहा कि मांगों को पूरा कराने के लिए किसी सूरत में पीछे नहीं हटेंगे। बार लगातार धरना जारी रखेगी। दूसरी ओर शिक्षामंत्री रामबिलास शर्मा ने अपने आवास पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि बहुत जल्द उनकी मांगों को पूरा करने वाला लेटर लेकर वकीलों के धरने पर जाएंगे।
30 को खुले रहेंगे सतनाली के बाजार
महेंद्रगढ़ में फैमिली, एडीजे कोर्ट और जिला मुख्यालय स्थापित करने की मांग पर बार एसोसिएशन के 30 अगस्त के सतनाली बंद के एलान का सतनाली पंचायत ने खंडन किया है। सतनाली सरपंच प्रतिनिधि होशियार सिंह उर्फ ढिल्लू ने कहा कि उनके पास इस बारे में न तो कोई सूचना नहीं है। न ही पंचायत अथवा मार्केट प्रधान को विश्वास में लिया गया है। सतनाली के बाजार 30 अगस्त को पूर्ण रूप से खुले रहेंगे। सतनाली विकास मंच प्रधान दिवान सिंह शेखावत ने कहा शुक्रवार को बंद नहीं होगा।