राजकीय पीजी और महिला कॉलेज में निर्धारित सीटों के मुकाबले कई गुणा ऑनलाइन आवेदन करने के कारण तीन कट ऑफ लिस्ट जारी होने के बावजूद भी काफी संख्या में विद्यार्थी एडमिशन से वंचित रह गए हैं। दूसरी तरफ महेंद्रगढ़ के राजकीय पीजी कॉलेज में चार काउंसिलिंग के बावजूद सीटें खाली पड़ी हैं। कॉलेज को विद्यार्थियों का इंतजार है। नारनौल में बुधवार को महिला कॉलेज में जहां फिजिकल काउंसिल के माध्यम से दाखिला प्रक्रिया शुरू की गई वहीं एडमिशन नहीं होने के कारण छात्राओं ने डीसी को ज्ञापन सौंपकर सीटें बढ़ाने की मांग की।
दाखिला लेने से वंचित रहीं छात्राएं
बुधवार को नान मेडिकल की रिक्त 24 सीटों के लिए 117 छात्राओं ने आवेदन किया। मेडिकल की महज 09 सीटों के लिए 48 छात्राओं ने अपनी दावेदारी जताई। इसके अलावा बीकॉम की रिक्त 10 सीटों के लिए 44 छात्राओं ने आवेदन किया। सीटें कम और छात्राएं अधिक होने के कारण मेडिकल की 77.8 प्रतिशत और नान मेडिकल की 76.6 प्रतिशत कट आफ रही। इसके कारण काफी संख्या में छात्राएं दाखिला लेने से वंचित रह गईं।
छात्राओं ने सौंपा ज्ञापन
सीटों की कमी के चलते दाखिले से वंचित रही निकिता, पिंकी, मुस्कान, मोना, प्रिया, पूजा, प्रीति, रचिता, नेहा, दीपिका, साक्षी, संगीता, मनीषा, ललिता, सपना, पूनम, सोनम, सुनीता, एकता, आरती, नीरू, गायत्री, स्वाति, दिव्या, प्रेम, कृपया, वसुंधरा समेत कई छात्राओं ने लघु सचिवालय में उपायुक्त संजीव वर्मा को ज्ञापन सौंपकर सीटों की संख्या की बढ़ाने की मांग की। इस मौके पर छात्राओं ने उपायुक्त को बताया कि आज सरकार बेटियों को शिक्षित करने के लिए अनेक योजना चला रही है। सीटों की कमी के कारण उनको कॉलेज में दाखिला नहीं मिल पा रहा है। ऐसे में वे आगे कैसे पढ़ पाएंगी। उपायुक्त ने दाखिले से वंचित छात्राओं को आश्वासन देकर कहा कि वे जल्द सभी कॉलेजों में सीटों की स्थिति जानकर सीटों को बढ़ाने संबंधित विभाग के उच्चाधिकारियों पत्र भेजेंगे ताकि कोई भी छात्रा दाखिले से वंचित न रह पाएं।
अभिभावकों ने सीटें बढ़ाने की मांग
दाखिले से वंचित रही छात्राओं के अभिभावकों ने कहा कि एक तरफ तो सरकार बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान चलाकर लोगों को बेटियों को शिक्षित करने पर जोर दे रही है। वहीं दूसरी तरफ कॉलेज में सीटों की कमी के कारण बेटियां पढ़ाई से वंचित रह रही हैं। अभिभावकों ने सरकार से मांग कर जल्द से जल्द कालेजों में सीटें बढ़ाने की मांग की ताकि उनकी बेटियां पढ़-लिखकर देश का नाम रोशन कर सके।
रिक्त सीटों की कट ऑफ लिस्ट
कोर्स आवेदन दाखिला कट आफ
बीकाम 44 10 68.8
बीएससीएनएम 117 24 76.6
बीएससीएम 48 09 77.8
बीएम 185 128 57.2
पहले आओ -पहले पाओ, सीटें फिर भी खाली
हले आओ - पहले पाओ के आधार पर एडमिशन देने के बावजूद महिला कॉलेज में सीटें नहीं भर रही। क्षेत्र के कॉलेजों की अब इतनी दयनीय स्थिति हो गई है कि कॉलेज में खुली काउंसिलिंग करने के बावजूद सीटें खाली पड़ी हैं। राजकीय पीजी कॉलेजों में चार काउंसिलिंग के बाद भी सीटें खाली पड़ी हैं। राजकीय महिला कॉलेज ने खुुले एडमिशन कर दिए हैं। वीरवार को एडमिशन लेने का अंतिम दिन है। पीजी कॉलेज ने बुधवार को चौथी लिस्ट जारी की है। इसमें केवल सामान्य और अनुसूचित जाति श्रेणी को ही शामिल किया गया है। अभी भी उक्त दोनों कॉलेजों सीटें खाली बची हुई हैं। राजकीय महिला महाविद्यालय महेंद्रगढ़ में खुली काउंसिलिंग के बाद भी सीटें भर नहीं पा रही हैं अभी सीटें खाली पड़ी हैं। वीरवार तक महिला कॉलेज में बीए प्रथम वर्ष में 95 सीटें तथा बीकॉम में 25 सीटें खाली पड़ी हैं।
चौथी लिस्ट की जारी
राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के नोडल अधिकारी एलएन यादव ने बताया कि बुधवार को यूजी प्रथम वर्ष कक्षाओं की चौथी कट ऑफ लिस्ट जारी की गई है। सामान्य श्रेणी में बीए की कट ऑफ 40 प्रतिशत, बीकॉम 50, नॉन मैडिकल 75 तथा मेडिकल 70.4 प्रतिशत रही है। जबकि अनुसूचित जाति श्रेणी में नॉन मेडिकल में 60.8 तथा मेडिकल में 57 प्रतिशत रही है। अभी भी बीए में 61 तथा बीकॉम में 26 सीटें शेष रही हैं। मेडिकल एवं नॉन मेडिकल में सभी सीटों की कट ऑफ जारी की गई है।
फिर खुलवाया जाएगा पोर्टल
नोडल अधिकारी एलएन यादव ने बताया कि कॉलेज में सीटें खाली रहने के कारण पोर्टल खुलवाया जाएगा। वर्तमान में बीए तथा बीकॉम में सीटें खाली पड़ी हैं। उन्होंने बताया कि वास्तविकता को वीरवार को पता चलेगी कि कितने बच्चों ने फीस जमा करवाई है।
पीजी कक्षाओं की प्रथम कट ऑफ 29 को
उच्चतर शिक्षा विभाग और एमडीयू के बीच तालमेल बन गया है। अब एमडीयू के हिसाब से ही पीजी कक्षाओं की मेरिट सूची जारी होगी। उच्चतर शिक्षा विभाग की ओर से 21 को पहली कट ऑफ जारी होनी थी। 22 और 23 को दूसरी और तीसरी कट ऑफ लिस्ट जारी होनी थी लेकिन फाइनल कक्षाओं का रिजल्ट घोषित अभी तक नहीं होने के कारण शेड्यूल एमडीयू वाला ही रख दिया है। अब 28 को पीजी कक्षाओं के फॉर्म की छंटनी होगी और 29 जुलाई को पहली कट ऑफ लिस्ट जारी की जाएगी। 2 को दूसरी और 4 अगस्त को तीसरी कट आफ लिस्ट जारी की जाएगी।