नारनौल। विधानसभा चुनाव के बाद अब जिला प्रशासन ने मतगणना की तैयारी पूरी कर ली है। सोमवार को लघु सचिवालय में पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में मतगणना के लिए लगने वाले स्टाफ की द्वितीय रेंडमाइजेशन कराई गई। यह प्रक्रिया आयोग के आनलाइन ईडीएमएस सॉफ्टवेयर के जरिए कराई गई है। इसके तहत मतगणना स्टाफ को विधानसभा क्षेत्र अलाट किए गए। 8 अक्तूबर को सुबह 5 बजे मतगणना से पहले अंतिम रेंडमाइजेशन प्रक्रिया के तहत स्टाफ को मौके पर ही टेबल अलाॅट किए जाएंगे।
नांगल चौधरी विधानसभा क्षेत्र के मतगणना पर्यवेक्षक मदन शीबा जार्ज, महेंद्रगढ़ विधानसभा क्षेत्र के चुनाव मतगणना पर्यवेक्षक सूरज कुमार, अटेली विधानसभा क्षेत्र के चुनाव मतगणना पर्यवेक्षक अरुण कुमार, नारनौल विधानसभा क्षेत्र के चुनाव मतगणना पर्यवेक्षक संजय कुमार, महेंद्रगढ़ विधानसभा क्षेत्र के आरओ संजीव कुमार, नारनौल विधानसभा क्षेत्र के आरओ डाॅ. जितेंद्र सिंह, अटेली विधानसभा क्षेत्र के आरओ अमित कुमार, नांगल चौधरी विधानसभा क्षेत्र के आरओ रमित यादव, नगराधीश मंजीत सिंह, तहसीलदार चुनाव सुरेंद्र सिंह के अलावा अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
उपायुक्त मोनिका गुप्ता ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग ने विधानसभा आम चुनाव-2024 के परिणाम की पल-पल की अपडेट देने की व्यवस्था की है। विधानसभा चुनाव का परिणाम तथा ट्रेंड ईसीआई की वेबसाइट https://results.eci.gov.in/ पर क्लिक करके देखा जा सकता है
चारों विधानसभाओं की मतगणना के लिए इस प्रकार लगेंगे टेबल
नांगल चौधरी विस सीट की ईवीएम मतगणना के लिए 10 प्लस 1 टेबल लगेंगे। इसी प्रकार ईटीपीबीएस स्कैनिंग के लिए 18 व पोस्टल बैलेट की गणना के लिए 8 टेबल लगेंगे। अटेली ईवीएम मतों की गणना के लिए 12 प्लस 1 टेबल लगेंगे वहीं ईटीपीबीएस स्कैनिंग के लिए 15 व पोस्टल बैलेट की गणना के लिए 10 टेबल लगेंगे। महेंद्रगढ़ विधानसभा सीट की ईवीएम मतों की गणना के लिए 14 प्लस 1 टेबल तथा ईटीपीबीएस स्कैनिंग के लिए 15 व पोस्टल बैलेट की गणना के लिए 10 टेबल लगेंगे। नारनौल विधानसभा सीट की ईवीएम मतों की गणना के लिए 14 प्लस 1 टेबल लगेंगे। वहीं ईटीपीबीएस स्कैनिंग के लिए 15 व पोस्टल बैलेट की गणना के लिए 8 टेबल लगेंगे। ईवीएम की हर टेबल पर एक काउंटिंग असिस्टेंट, काउंटिंग सुपरवाइजर व एक माइक्रो आब्जर्वर होगा। ईटीपीबीएस की टेबल पर एक काउंटिंग असिस्टेंट, काउंटिंग सुपरवाइजर होगा। पोस्टल बैलेट पर एक काउंटिंग सुपरवाइजर, दो काउंटिंग असिस्टेंट व एक माइक्रो आब्जर्वर होगा, 20 प्रतिशत स्टाफ रिजर्व रहेगा।