मंडी अटेली। पूर्व मंत्री राव नरेंद्र सिंह ने गांव सुराणी, सराय, सागरपुर, ढाणी गुजरवास, रातां, बौचडिया, सैदपुर व नांगल में घर-घर कांग्रेस अभियान के तहत जनसंपर्क किया। जिसमें बुजुर्गों के साथ साथ युवाओं का भी भारी समर्थन देखने को मिला। उन्होंने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि बड़े दुर्भाग्य की बात है कि आज प्रदेश विकास की पटरी से उतर कर देश में विकास के मामले में 17वें स्थान पर पहुंच गया है। जो प्रदेश रोजगार, प्रति व्यक्ति निवेश के मामले में नंबर एक पर था, आज वह प्रदेश महंगाई व बेरोजगारी में देश में नंबर एक पर है। सरकारी रोजगार को समाप्त कर उन्हें कच्चे में बदला जा रहा है, आरक्षण की कोई व्यवस्था नहीं है। जहां एक तरफ हरियाणा में करीबन 2 लाख सरकारी पद खाली पड़े हैं, मगर मौजूदा सरकार कौशल निगम के जरिये बैक डोर से आरक्षण को खत्म करने पर तुली है। जिससे सबसे ज्यादा पिछड़े वर्ग का हक मारा जा रहा है। सरकार की गलत नीतियों के चलते प्रदेश के युवा रोजगार की तलाश में पलायन करने पर मजबूर है। इस अवसर पर क्षेत्र के अनेकों सरपंच, पंच, नंबरदार, पार्षद व अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।