महेंद्रगढ़। शहर में बढ़ रहा अतिक्रमण लोगों के लिए परेशानी का सबब बना गया है। दुकानदारों ने रोड पर अतिक्रमण इस कदर बढ़ा लिया है कि 40 फीट की सड़क अब सिकुड़कर 15 फीट की बच गई है।
नगर पालिका अधिकारियों के आदेशों भी दुकानदार सबब नहीं ले रहे है। दुकानदार दुकानों के बाहर सामान लगाए हुए है। नगर पालिका की ओर से मुनादी करवाई जा रही है। मुनादी के दौरान हो रहे भेदभाव को लेकर दुकानदार नगर पालिका चेयरमैन व सचिव से मिले। दुकानदारों ने भेदभाव का आरोप लगाते हुए कहा नगर पालिका ने कर्मचारी मुनादी के लिए भेजे गए थे। वे सिर्फ कुछ ही दुकानदारों को चेतावनी देकर आए हैं। बाकी दुकानदारों को किसी भी प्रकार की सूचना नहीं दी जा रही है। जबकि उन्होंने अपना सामान निर्धारित स्थान पर लगाया हुआ है।
दुकानदारों ने कहा समान अंदर रखने के आदेश सभी दुकानदारों पर भी लागू हों। नगर पालिका चेयरमैन रमेश सैनी ने कहा कि अतिक्रमण हटाओ अभियान जल्द ही चलाया जाएगा। किसी भी तरह का कोई भेदभाव नहीं किया जाएगा। नगर पालिका की ओर से अभी तो सिर्फ एक सप्ताह तक मुनादी करवाकर सामान को दुकान के अंदर रखने व बरामदे खाली करवाने के लिए चेताया जा रहा है।
दुकानदारों ने रखी पार्किंग शुरू करवाने की मांग
दुकानदारों ने नगर पालिका चेयरमैन रमेश को पार्किंग शुरू करवाने की मांग की है। दुकानदारों ने कहा उनके दुकानों के सामने अक्सर वाहन खड़ा करके चले जाते है। उनको कहते तो लड़ाई-झगड़ा करते है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका के सामने खाली जगह पर पार्किंग शुरू करवाया जाए ताकि छोटे-बडे़ वाहन खड़ा कर सके। नगर पालिका चेयरमैन ने बताया कि नगर पालिका में सभी अधिकारी आ चुके है। जल्द ही पार्किंग शुरू करवा दी जाएगी।