महेंद्रगढ़। अब महेंद्रगढ़ बस स्टैंड पर रोडवेज व निजी बसों के चालकों को आने व जाने का समय रजिस्टर में दर्ज करना होगा। बस स्टैंड पर नए अड्डा इंचार्ज ने कार्यभार संभालते ही यह निर्णय लिया है।
रजिस्टर में निजी व सरकारी बसों के आने व जाने का समय का पूरा हिसाब रहेगा। इसके साथ-साथ बसों को बूथों पर लगाना शुरू कर दिया है। पहले निजी व सरकारी बसें बिना बूथ पर लगाए यात्रियों को लेकर सीधे निकल जाती थी। इस कदम से बसों के संचालन में सुधार के साथ निजी बस चालकों की मनमर्जी भी नहीं चल पाएगी। यात्रियों को बसों की समय सारणी का भी पता चल पाएगा।
बता दें कि महेंद्रगढ़ बस स्टैंड पर वर्तमान में 50 रोडवेज व 55 निजी बसों का आवागमन होता है। बस स्टैंड पर एंट्री रजिस्टर लगाने से चालक व परिचालक को रजिस्टर में नाम, बस नंबर, डिपो व समय का रिकार्ड दर्ज रहेगा। इससे प्रबंधन को बसों के समय पर संचालन में मदद मिलने के साथ-साथ यात्रियों को भी सही समय पर बसें मिल पाएंगी।
वहीं इंचार्ज, बस स्टैंड हरिकिशन का कहना है कि बस स्टैंड पर एंट्री रजिस्टर यात्रियों के लिए काफी लाभकारी रहेगा। अब कोई भी चालक या परिचालक बस को बस स्टैंड के बाहर से नहीं लेकर जा सकेगा। इसी उद्देश्य से इन नियम को लागू किया गया है। यदि इसके बावजूद कोई चालक या परिचालक रजिस्टर में एंट्री नहीं करेगा तो उसके डिपो के जीएम को लिखित में कार्रवाई के लिखा जाएगा। संवाद