अटेली-कनीना सड़क मार्ग पर शनिवार देर सायं हुए सड़क हादसे में कैंटर चालक की मौत हो गई। पुलिस ने कैंटर चालक के शव को कब्जे में लेकर नारनौल सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार गांव औरंगपुर झज्जर निवासी टैंकर चालक जयसिंह सड़क किनारे अपने कैंटर को खड़ा कर उसमें तेल-पानी चेक कर रहा था। उसके कैंटर के आगे एक ट्रक और खड़ा था। अंधेरे के चलते पीछे से आ रहे एक ट्रक ने कैंटर को टक्कर मार दी। जिससे कैंटर का तेल चेक कर रहा चालक ट्रक व कैंटर के बीच आ गया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नागरिक अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मौके का मुआयना के बाद कार्रवाई कर रविवार को शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।