महेंद्रगढ़। शहर में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण सफाई व्यवस्था बिगड़ गई है। करीब एक महीने से नालियों की नियमित सफाई नहीं होने से इनमें कूड़ा जमा है। पानी की निकासी रुकने के कारण कई जगह गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है। इससे राहगीरों, दुकानदारों और स्थानीय लोगों को परेशानी हो रही है।
शहर के कई मार्गों पर वाहन गुजरने से गंदे पानी के छींटे लोगों पर पड़ रहे हैं। दोपहिया वाहन चालक और पैदल राहगीर सबसे ज्यादा परेशान हैं। सुरेश सेठ, अरुण शर्मा, दिनेश मास्टर, आशीन और हेमंत ने बताया कि सड़क पर जमा पानी के कारण आवागमन मुश्किल हो गया है।
मोहल्ला नीमड़ी नीचे स्थित शिव मंदिर के आसपास भी गंदा पानी जमा है। श्रद्धालुओं, खासकर बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को पानी से होकर मंदिर जाना पड़ रहा है।
लोगों का कहना है कि जमा पानी से मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है। उन्होंने नगर प्रशासन से जल्द नालियों की सफाई और पानी निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की है।
वर्जन:
सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण शहर में सफाई कार्य प्रभावित हुआ है। स्थिति को देखते हुए आवश्यक स्तर पर सफाई और जल निकासी की व्यवस्था करवाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
-रमेश सैनी, नगरपालिका प्रधान, महेंद्रगढ़।