फोटो 18 अटेली में सड़क पर जमा पानी। संवाद
मंडी अटेली। कस्बे की विभिन्न सरकारी संस्थानों में पानी निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण जगह-जगह जलभराव की स्थिति बनी हुई है। लंबे समय तक पानी जमा रहने से परिसर दलदल में बदल रहे हैं, जिससे नागरिकों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
जानकारी के अनुसार बिजली निगम कार्यालय के मुख्य मार्ग पर पानी जमा होने से राहगीरों को आवागमन में दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, जगह-जगह फिसलन होने से लोगों के गिरने का भी खतरा बना हुआ है। तहसील व खंड विकास एवं पंचायत कार्यालय परिसर में भी पानी का जमावड़ा है, जबकि क्षेत्र में पिछले दो दिनों से बारिश नहीं हुई।
स्थानीय नागरिकों, अधिवक्ताओं और कर्मचारियों का कहना है कि जलभराव से न केवल कार्य प्रभावित होता है, बल्कि बदबू, मच्छरों व मक्खियों की समस्या भी बढ़ रही है। इससे बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है।
कस्बा निवासी अनिल कुमार, रमेश कुमार, सतीश कुमार, रामकिशन यादव, भूपेंद्र और मुकेश कुमार ने बताया कि बरसात के समय पानी का जमावड़ा जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर देता है। तहसील परिसर में कार्यरत अधिवक्ता व कर्मचारी अपने कामकाज में कठिनाई का सामना कर रहे हैं और दफ्तरों में बैठना भी मुश्किल हो रहा है।
इसी तरह कस्बे की अनाज मंडी में भी पानी निकासी की कमी से जगह-जगह जलभराव है। नागरिकों ने प्रशासन से तत्काल जल निकासी की व्यवस्था करने की मांग की है।