फोटो संख्या:68- श्री गोशाला कनीना में गाय गोद लेने कार्यक्रम के दौरान पूजा करते श्रद्धालु--स्रो
कनीना। मानव सेवा और गोसेवा की प्रेरणादायक मिसाल पेश करते हुए श्री कृष्णा गोशाला में जन्मदिन के अवसर पर एक गाय को गोद लिया। कनीना के वार्ड नंबर पांच निवासी देवेंद्र ने अपनी पोती महिरा यादव के जन्मदिन पर श्री कृष्ण गोशाला में एक गाय गोद ली। इस अवसर पर उन्होंने गोशाला के संचालन के लिए 5100 रुपये की नकद राशि भी भेंट की। गोशाला प्रधान भगत सिंह यादव ने बताया कि समाज में गोसेवा के प्रति बढ़ रही आस्था का ही परिणाम है कि अब तक 400 से अधिक गायें गोद ली जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि गोशाला को समय के साथ हाइटेक स्वरूप दिया गया है, जहां पशुओं की देखभाल आधुनिक तरीकों से की जा रही है। गोशाला में समय-समय पर पशु चिकित्सकों की ओर से नियमित जांच की जाती है। अब तक 500 से अधिक गोवंश को टीकाकरण किया जा चुका है। इसके अलावा गोशाला में एक स्थायी पशु चिकित्सक तैनात है जो प्रतिदिन गोवंश की देखरेख और उपचार का कार्य संभालता है। गोशाला प्रबंधन ने देवेंद्र और उनके परिवार का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें गोसेवा के इस पुनीत कार्य की बधाई दी।