नारनौल। होली रंगों और खुशियों का पर्व है, लेकिन इसे मनाते समय जल संरक्षण का ध्यान रखना भी आवश्यक है। जल जीवन मिशन के तहत जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के जल व स्वच्छता सहायक संगठन की ओर से इस वर्ष होली पर जल बचाने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जा रहा है। जिला सलाहकार मंगतूराम सरसवा ने वीडियो कांफ्रेंसिंग रिव्यू मीटिंग के माध्यम से सभी खंड संसाधन संयोजकों को संबोधित करते हुए कहा कि जल जीवन मिशन के तहत लोगों से अपील की जा रही है कि वे पेयजल की बर्बादी न करें। नलों को खुला ना छोड़े। हर नल पर टोंटी अवश्य लगायें। संभव हो तो रंग-गुलाल के साथ होली खेलें व भाईचारे की भावना के साथ खुशियां बांटे। सूखी होली न केवल जल संरक्षण में सहायक होगी, बल्कि यह त्वचा व स्वास्थ्य के लिए भी बेहतर साबित होगी।
उन्होंने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत ग्राम जल एवं सीवरेज समिति सहित ग्रामीण क्षेत्र के विभिन्न सामाजिक संगठनों और विद्यालयों में जल बचाने का संदेश को प्रचारित करने के लिए विभागीय टीम बैठकें भी आयोजित कर रही है।