महेंद्रगढ़। डीएमसी महावीर प्रसाद ने बुधवार नपा कार्यालय में अधिकारी व कर्मचारियों की बैठक में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कहा कि नगर पालिका में होने वाले किसी भी कार्याें में कोहताही बरतने वाले कर्मचारियों ने बख्शा नहीं जाएगा।
नगर पालिका में नगर पालिका चेयरमैन रमेश सैनी व नपा सचिव प्रशांत की ओर से डीएमसी को अतिक्रमण हटाने के बारे में बताया। डीएमसी ने एक सप्ताह के दौरान अतिक्रमण के साथ नपा की दुकानों के बरामदे खाली करवाने को कहा। इसको लेकर नगर पालिका चेयरमैन रमेश सैनी व नपा सचिव प्रशांत ने कर्मचारियों की ड्यूटी लगाकर मुनादी करवाई गई। नगर पालिका कर्मचारियों की ओर से शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, विश्वकर्मा चौक, बालाजी चौक, शंकर मार्केट में दुकानदारों को अतिक्रमण हटाने व बरामदे खाली करने को कहा गया। नगर पालिका चेयरमैन रमेश सैनी ने कहा एक सप्ताह के दौरान दुकानदार अपने निर्धारित स्थान पर लगाए व बरामदे खाली कर दे। अन्यथा अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाएगा।
इस अवसर पर डीएमसी की ओर से नगर पालिका में अपनी समस्या लेकर पहुंचे लोगों के साथ बातचीत की व उनकी समस्याएं भी सुनी। लोगों की ओर से दी गई अधिकांश शिकायतें प्राेपर्टी आईडी, एनओसी, अनअप्रव्ड कॉलोनी सहित अन्य समस्या को लेकर थी।
इस मौके पर बुचौली रोड पर स्थित लक्ष्मण विहार व महादेव कॉलाेनी व डुलाना रोड स्थित बालाजी कॉलोनी के लोग डीएमसी से मिले। उन्होंने बताया कि उनकी काॅलोनी न तो नगर पालिका के अधीन है और न ही डीटीपी के अधीन है। ऐसे में उन्हें तमाम सुविधाओं से वंचित रहना पड़ रहा है। इसपर डीएमसी ने कॉलोनीवासियों को कुछ समय देने की मांग की। उन्होंने कहा कि कॉलोनी के नक्शा व अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच करके ही उन्हें राहत प्रदान की जा सकती है।
पिछले दो सप्ताह से हुड्डा पार्क के बिजली बिल न भरने पर काटे गए कनेक्शन को लेकर नगर पालिका सचिव को बिल की पेमेंट अदा करने को कहा गया। नगर पालिका सचिव ने बताया पेमेंट का चैक जारी हो चुका है। सिर्फ लेखाकार को हस्ताक्षर बाकी हैं। इस मौके पर नगर पालिका चेयरमैन रमेश सैनी, सचिव प्रंशात, वार्ड पार्षद व कर्मचारी उपस्थित रहे।
प्रापर्टी आईडी में त्रुटि को लेकर लगे कैंप
डीएमसी ने नगर पालिका सचिव को आदेश दिया कि समस्या को लेकर एक सप्ताह विशेष कैंप लगाकर लोगों की समस्या का समाधान करें। जिन लोगों की समस्या है। चाहे उनका मोबाइल नंबर, नाम, रजिस्ट्री, एरिया सहित अन्य त्रुटि हो उनको सही किया जाए।
सामुदायिक भवन की पेमेंट की दूसरी किस्त रोकी
डीएमसी की देखरेख में हुई नगर पालिका महेंद्रगढ़ में पेमेंट अप्रुव्ल कमेटी की बैठक में देवीलाल पार्क के पास निर्माणाधीन सामुदायिक भवन की दूसरी किस्त रोक दी गई है। नगर पालिका पार्षद सुखबीर, पार्षद राजेश, पार्षद प्रतिनिधि यशपाल ने 3 मई 2023 को सामुदायिक भवन में घटिया सामग्री का इस्तेमाल करने की शिकायत की थी। सामुदायिक भवन की पहली किस्त 84 लाख रुपये की किस्त जारी की जा चुकी है। जबकि करीब 75 लाख रुपये की दूसरी जारी की जाने थी। इस बारे में डीएमसी को इस बारे में बताया तो उसकी पेमेंट पर रोक लगा दी गई।