नारनौल। स्वतंत्रता दिवस को लेकर जिला पुलिस अलर्ट पर है ताकि किसी प्रकार की अनहोनी न हो सके। जिला में सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किया गया है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि जिला में राष्ट्रीय पर्व-स्वतंत्रता दिवस बड़े हर्षोल्लास और धूमधाम से मनाया जाएगा। जिला में स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को अलर्ट कर दिया गया है। जिले में कानून व्यवस्था एवं शांति की दृष्टि से अलग-अलग जगहों पर नाके स्थापित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि अगर कोई संदिग्ध पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ सभी थाना व सभी क्राइम यूनिट होटल, धर्मशालाओं व बाजारों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, गेस्ट हाउस की जांच कर रहे हैं। इसके साथ ही बिना नंबर वाले वाहनों की भी लगातार जांच के निर्देश दिए हुए हैं ताकि किसी प्रकार की कोई असामाजिक गतिविधि उत्पन्न ना हो सके।
असामाजिक तत्वों के बारे में सूचना देने की अपील
पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि कोई भी संदिग्ध व्यक्ति बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, बाजार, होटल व ढाबा, धर्मशाला, गेस्ट हाउस या अन्य किसी स्थान पर ठहरने का पता चलता है तो इसकी सूचना नजदीकी पुलिस स्टेशन/चौकी, पुलिस कंट्रोल रूम या डायल 112 तुरंत दे। इसके अलावा कहा कि बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन व भीड़-भाड़ वाली जगहों पर कोई लावारिस वस्तु दिखाई देती है तो उसे न छुएं, ऐसी लावारिस वस्तुओं के बारे में तत्काल पुलिस को सूचित करें।