फोटो- 06औचक निरक्षण के दौरान बच्चों से बात करते हुए टीम के सदस्य। स्रोत - संस्थान।
नारनौल। शहर के विभिन्न हिस्सों में चल रहे कोचिंग सेंटर का जायजा लेने के लिए मंगलवार को जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय की टीम ने औचक निरीक्षण किया। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय की टीम सबसे पहले महेंद्रगढ़ रोड स्थित एक कोचिंग सेंटर में पहुंची, जहां उन्होंने छात्रों से पूछताछ कर पाया की उसमें कोई भी छात्र 12वीं कक्षा तक पढ़ने वाला तो नहीं है।
टीम का नेतृत्व कर रहे हैं बीआरसी पवन भारद्वाज ने सभी छात्रों से पूछताछ की, लेकिन वहां कोई भी छात्र 12वीं कक्षा तक पढ़ने वाला नहीं मिला। इसके बाद टीम नसीबपुर के पास चल रहे एक कोचिंग सेंटर में पहुंची। यहां भी उन्होंने छात्रों से पूछताछ की, परंतु उन्हें यहां भी कोई छात्र 12वीं कक्षा तक पढ़ने वाला नहीं मिला। इस मौके पर बीआरसी पवन भारद्वाज ने बताया कि उन्होंने तीन महीने पहले भी कोचिंग सेंटरों का औचक निरीक्षण किया था। उन्होंने बताया कि कोई भी सेंटर 12वीं कक्षा तक पढ़ने वाले छात्रों को कोचिंग सेंटर में नहीं बुला सकता। शिक्षा विभाग के अधिकारी ने बताया कि अगर कोई भी सेंटर ऐसा करता है तो उस पर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। क्योंकि स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों को स्कूल के दौरान कोचिंग सेंटर में नहीं बुलाया जा सकता और यह नियम सभी सेंटरों के लिए लागू है। औचक निरीक्षण में बीआरसी पवन भारद्वाज के साथ नोडल अधिकारी कर्ण सिंह भी मौजूद रहे।