नारनौल। पुरानी वेतन वृद्धि की मांगो को लेकर पांचवें दिन शुक्रवार को भी लघु सचिवालय में लिपिक वर्ग का धरना जारी रहा। प्रदर्शन को लेकर जिला महेंद्रगढ़ का लिपिक वर्ग सीएडब्ल्यूएस यूनियन के बैनर तले शनिवार को पंचकूला से पैदल मार्च के लिए कूच करेंगे। इसके अलावा विभिन्न विभागों का क्लर्क वर्ग सांकेतिक धरने पर बैठा है।
धरने के दौरान जिला प्रधान कृष्ण कुमार ने बताया कि करनाल में 7 जुलाई को राज्य स्तरीय विरोध प्रदर्शन किया गया था, जिसके बाद वर्तमान मुख्यमंत्री नायब सैनी ने 10 और 17 जुलाई को दो बार मीटिंग के लिए बुलाया था। दोनों मीटिंग में क्लर्क यूनियन के डेलिगेशन की मांगो को लेकर सरकार के अधिकारियों के साथ मांगो पर सहमति नहीं बन पाई। सरकार के इस व्यवहार को देखते हुए सीएडब्ल्यूएस यूनियन ने साइकिल यात्रा और पैदल मार्च का निर्णय लिया था। इसमें साइकिल यात्रा सभी जिलों से होते हुए शुक्रवार को करनाल जिले में समाप्त हो चुकी है। अब हरियाणा के सभी जिलों के क्लर्क एकत्रित होकर करनाल से पैदल मार्च करते हुए चंडीगढ़ मुख्यमंत्री आवास पहुंचेगे। इसमें मुख्य रूप से दिनेश कुमार, रामफल, राकेश लमोरिया, राकेश यादव, विक्रम व सत्यकाम कानौडिया आदि मौजूद रहे।