नारनौल।
क्षेत्र में रबी फसल के दौरान गेहूं व सरसों मुख्य तौर पर उगाई जाती है। गेहूं व सरसों की अच्छी पैदावार के लिए किसानों के बीच यूरिया खाद की जबरदस्त मांग बनी हुई है। शुक्रवार को अनाज मंडी स्थित सरकारी केंद्र पर यूरिया खाद के करीब 625 बैग का वितरण किया गया।
सरकारी केंद्र पर अब यूरिया खाद का कोई स्टॉक शेष उपलब्ध नहीं है। यूरिया खाद की अगली खेप आने में अभी कुछ समय लग सकता है। गत वीरवार को भी यूरिया खाद के 600 बैग का स्टॉक सरकारी केंद्र पर पहुंचा था। किसानों ने प्रशासन से अपील करते हुए कहा कि सरकारी केंद्र पर खाद का उचित स्टॉक रखा जाए, ताकि नियमित रूप से खाद की सप्लाई बनी रहें और किसानों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।