नारनौल। निजामपुर रोड स्थित एक होटल पर शुक्रवार रात ठंडी दाल-रोटी परोस पर हुए विवाद में होटल संचालक व उसके साथियों ने तीन युवकों पर लोहे की रॉड, डंडों और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। शहर थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर होटल संचालक सहित 7-8 लोगों पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव बसीरपुर निवासी विवेक ने एफआईआर में बताया कि वह उसके चचेरे भाई विपुल यादव और पड़ोसी आशीष के साथ शुक्रवार रात गांव बड़ौली में एक बारात में शामिल होकर लौट रहा था। रात करीब ढाई से तीन बजे के बीच वे निजामपुर रोड स्थित बल्ली होटल पर खाना खाने के लिए रुके।
आरोप है कि होटल कर्मचारियों ने उन्हें ठंडी दाल-रोटी परोस दी। जब उन्होंने खाना गर्म करने के लिए कहा तो होटल कर्मचारियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विवेक के अनुसार विरोध करने पर होटल संचालक वीरेंद्र उर्फ बल्ली अपने कुछ साथियों के साथ मौके पर पहुंच गया।
आरोप है कि सभी ने मिलकर लोहे की रॉड, डंडों और कुल्हाड़ी से उन पर हमला कर दिया। इस हमले में विपुल यादव के सिर में गंभीर चोट आई और उसका सिर फट गया, जबकि आशीष के पैरों में चोटें आईं। वहीं विवेक को भी सिर और पैरों में चोट लगी।
पीड़ितों का आरोप है कि शोर सुनकर जब सड़क से गुजरने वाली गाड़ियां दिखाई दीं तो आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देकर मौके से भाग गए। वहीं जाते समय आरोपियों ने पीड़ितों की दोनों गाड़ियों में तोड़फोड़ भी कर दी। इससे करीब 22 से 23 हजार रुपये का नुकसान हुआ। झगड़े के दौरान एक सोने की चेन, घड़ी और मोबाइल फोन भी क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना के बाद घायलों ने 112 नंबर पर कॉल कर एंबुलेंस को बुलाया और उन्हें उपचार के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उपचार के लिए रेफर कर दिया गया।
शहर थाना प्रभारी मुकेश कुमार ने बताया कि पीड़ित की शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर होटल संचालक सहित 7-8 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच रहे हैं।