हरियाणा राज्य चतुर्थ श्रेणी सरकारी कर्मचारी यूनियन रविवार को अपनी मांगों को लेकर शहर में जमकर प्रदर्शन किया। इस मौके पर उन्होंने शिक्षामंत्री रामबिलास शर्मा के आवास का घेराव करना चाहा लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें बीच रास्ते में ही रोक लिया। हालांकि कर्मचारियों का कहना है कि गर्मी तेज होने के चलते वो शार्ट कट रास्ते से मंत्री के आवास पर ज्ञापन सौंपने जा रहे थे। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार किफायत तुल्ला को कर्मचारियों ने शिक्षामंत्री के नाम अपनी 20 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन का नेतृत्व जिला प्रधान गुलजारी लाल ने किया।
हरियाणा राज्य चतुर्थ श्रेणी सरकारी कर्मचारी यूनियन रविवार को सुबह 11 बजे हुड्डा पार्क में एकत्रित हुए। इस मौके पर भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़ जिले के लगभग 150 चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों ने बैठक में भाग लिया। कर्मचारियों ने लगभग एक घंटा हुड्डा पार्क में सरकार के खिलाफ भाषणबाजी कर प्रदर्शन करने का फैसला लिया। उनका प्रदर्शन हुड्डा पार्क से शुरू होकर यादव धर्मशाला होते हुए शीला अस्पताल के पास पहुंचे। वहां से वो पुलिस को चकमा देकर शिक्षामंत्री आवास का घेराव करने के लिए शार्ट कट रास्ते से जा रहे थे जबकि पुलिस देवीलाल पार्क के पास खड़ी थी। कुछ पुलिस वाले उनके साथ चल रहे थे तो उन्होंने तुरंत थाना प्रभारी को सूचना दी। सूचना देने के बाद दो गाड़ी शीला अस्पताल के पास पहुंची जहां पर पुलिस ने उनको रोक लिया। इस दौरान पुलिस के साथ उनकी नोकझोंक भी हुई। शिक्षामंत्री का आवास वहां से मात्र 300 मीटर ही दूर था। पुलिस द्वारा प्रदर्शनकारियों को रोके जाने पर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार किफायत तुल्ला को प्रदर्शनकारियों ने ज्ञापन सौंपा। नायब तहसीलदार ने चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को आश्वासन दिया कि वो एसडीएम के माध्यम से उनका ज्ञापन सरकार को भेज देंगे। इस अवसर पर खंड अटेली प्रधान कैलाशचंद, जिला संगठन सचिव देवदत्त, जिला सचिव धर्मपाल यादव, राजकुमार, करतार लावणिया, मुकेश यादव, रमेश देवी, शीला सहित अनेक कर्मचारी उपस्थित थे।
ये रखी कर्मचारियों ने मांग
प्रदेश महासचिव दलेल राणा ने कहा कि दो वर्ष की सेवा पूरी कर चूके कर्मचारियों को नीति बनाकर पक्का किया जाए। सामान काम सामान वेतन लागू किया जाए। एजुसेट चौकीदारों को ग्रामीण चौकीदारों के समान हाई कोर्ट के फैसले के अनुसार वेतन दिया जाए और बकाया एरियर का भुगतान किया जाए। पार्ट टाइम कर्मचारियों की 30 जून 2003 के बाद वरिष्ठता सूचि बनाई जाए। पार्ट टाइम कर्मचारियों को वर्ष 2019-20 की स्वीकृति प्रदान की जाए। कई माह का बकाया वेतन शीघ्र दिया जाए। दोहरे पदों पर कार्यरत कर्मचारियों को 5000 रुपये अलग से वेतन दिया जाए सहित अनेक मांगों को लागू करने की मांग की।
सरकार के खिलाफ बोला हल्ला
कर्मचारियों को राज्य उप प्रधान रमेश मोड़ी, सर्व कर्मचारी संघ जिला महेंद्रगढ़ के प्रधान सुजान मालड़ा, दादरी के जिला प्रधान राजकुमार धीकाड़ा ने बताया कि शिक्षामंत्री आवास पर 216 दिन धरना चला। उस समय मंत्री ने आश्वासन दिया था कि कर्मचारियों का सामान काम सामान वेतन तथा कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने का आश्वासन दिया था। सरकार बनने से पहले भी भाजपा ने अपने घोषणा पत्र में समान काम समान वेतन देने का जिक्र किया था। उन्होंने बताया कि अगर सरकार ने उनकी बातें नहीं मानी तो विधानसभा चुनाव में उनको इसका खामियाजा भुगतना पड़ सकता है। प्रदर्शन को हेमसा के जिला प्रधान विजय लांबा, हेमसा के राज्य ऑडिटर अनिल यादव, सर्व कर्मचारी संघ जिला महेंद्रगढ़ के सचिव रामनिवास सेहलंगिया और खंड महेंद्रगढ़ प्रधान रणसिंह मालड़ा ने भी संबोधित किया।