मंडी अटेली। राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल में दिव्यांग छात्रों की शिक्षा व विकास के लिए दो दिवसीय परामर्श एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
शुभारंभ करते हुए खंड मौलिक शिक्षा अधिकारी मुकेश शर्मा ने कहा कि दिव्यांगजन समाज के अभिन्न अंग हैं। इन बच्चों को शिक्षा की मुख्य धारा में जोड़कर इनकी शिक्षा और विकास के लिए हमें मिलकर काम करना होगा। कार्यक्रम संयोजक प्राचार्य राकेश यादव ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य अध्यापकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और एसएमसी को दिव्यांग छात्रों की आवश्यकताओं के बारे में जागरूक करना है।
राकेश यादव ने कहा कि दिव्यांगजन शिक्षा का अधिकार नियम के अंतर्गत दिव्यांग छात्रों को समावेशी शिक्षा, विशेष शिक्षा, आवश्यक सुविधाओं, समान अवसर, अधिकारों की जानकारी व शिकायत निवारण सुविधा प्रदान करने का अधिकार है। रिसोर्स पर्सन सेंट जॉन ब्रिगेड ऑफिसर डॉ. सीएस वर्मा ने कहा कि दिव्यांग को सहानुभूति की आवश्यकता नहीं बल्कि सम्मान, समर्थन और समानता की आवश्यकता है। उन्हें समाज में समान अवसर प्रदान करने और उनकी क्षमताओं को पहचानने की आवश्यकता है। डॉ. जुगेंद्र ने प्रेरणादायी दिव्यांगजनों पर आधारित फिल्म प्रस्तुतीकरण के द्वारा उनकी विशिष्ट उपलब्धियों एवं कार्यों को चित्रित किया। इस अवसर पर उप प्राचार्य सुरेंद्र यादव, डॉ. अश्वनी शर्मा, अनिता कुमारी, बृजेश कुमार, अशोक कुमार, महेंद्रपाल, छोटेलाल, ज्योति कुमारी, उमा कुमारी, सरिता कुमारी व द्रविता कुमारी सहित अनेक अध्यापक मौजूद रहे।