लगातार 10 दिन से गंदे पानी की समस्या से जूझ रहीं गुरुनानकपुरा मोहल्ले की महिलाओं ने पार्षद की अगुवाई में पहाड़ी वाली टंकी पर ताला जड़ दिया। ढाई घंटे बाद एक्सईएन और एसडीओ के जल्द समाधान के आश्वासन पर महिलाओं ने ताला खोला।
गौरतलब है कि पिछले 10 दिनों से गुरुनानकपुरा समेत आधे शहर में गंदे पानी की सप्लाई हो रही है। बार-बार कहने के बाद भी अफसरों ने कोई सुध नहीं ली। इसके विरोध में मंगलवार सुबह नौ बजे से ही मोहल्ला गुरुनानकपुरा की महिलाएं एकत्रित होनी शुरू हो गई थी। यहां से महिलाएं पार्षद लक्ष्मी देवी के नेतृत्व में किला रोड स्थित पहाड़ी पर बनी टंकी के पास पहुंचीं। मौके पर कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था।
महिलाओं ने काफी देर तक इंतजार किया लेकिन कोई नहीं आया। परेशान महिलाओं ने सुबह 10 बजे टंकी परिसर के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया। धूप के बीच गेट के पास ही महिलाएं खड़ी रहीं। वहां पहुंचे सीआईडी के श्यामसुंदर शर्मा ने जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को फोन कर मामले से अवगत करवाया। महिलाओं ने सोचा, अभी अधिकारी आने वाले हैं, उनसे बात करेंगे। महिलाएं थककर बैठ गईं। काफी देर तक कोई अफसर नहीं आया तो घर को संभाले की टेंशन में महिलाएं लौट गईं। पार्षद ताले की चाबी साथ लेकर घर चली गई।
ढाई घंटे बाद पहुंचे एक्सईएन
दोपहर 12.30 बजे मौके पर जनस्वास्थ्य विभाग के एक्सईएन डीके गंभीर और एसडीओ गोपाल सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने पार्षद के घर बुलावा भेजा। पार्षद महिलाओं के साथ मौके पर पहुंची और अधिकारियों को वाल्व के पास जमा गंदगी दिखाई। पार्षद ने घरों में सप्लाई हो रहे गंदे पानी के बारे में जानकारी दी।
आधे शहर में है दिक्कत
पहाड़ी पर स्थित इस वाटर टंकी से आधे शहर की प्यास बुझती है। गुरुनानकपुरा, चौधरियान, पीरआगा, सलामपुरा, मियां की सराय, आजाद चौक, देवस्थान, मिश्रवाड़ा, बावड़ीपुर, किला रोड, खड़खड़ी, इंद्रा कालोनी, गांधी कालोनी, महता चौक, पुरानी मंडी क्षेत्र में इसी टंकी से पानी सप्लाई होता है।