संवाद न्यूज एजेंसी
कनीना। हरियाणा ग्रामीण विकास विभाग के निदेशक डाॅ. जयकृष्ण आभीर ने शनिवार को उपमंडल के गांव दौंगड़ा अहीर सहित अन्य गांवों में मनरेगा के तहत चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने कार्यों की गुणवत्ता परखी और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मनरेगा के कार्यों में किसी प्रकार की कोताही नहीं होनी चाहिए। डाॅ. जयकृष्ण आभीर ने कहा कि मनरेगा का उद्देश्य लोगों को अपने आसपास ही रोजगार उपलब्ध करवाना है, ताकि रोजगार के लिए उन्हें कहीं दूसरे स्थान पर न जाना पड़े। मनरेगा में किए गए काम का मानदेय सीधा काम करने वाले व्यक्ति के बैंक खाता में आता है।
उन्होंने शनिवार को जिला के दौंगड़ा अहीर, अटाली सहित अनेक गांवों में मनरेगा के तहत चल रहे ग्राम पंचायतों में किए गए कार्यों का निरीक्षण किया।
इस दौरान ग्राम पंचायतों को निर्देश दिए कि वे गांव की सफाई आदि के लिए भी इस योजना के तहत कार्य करवा सकते हैं। सभी ग्राम पंचायतें इसी योजना के तहत अधिक से अधिक विकास कार्य करवाएं, ताकि लोगों को रोजगार भी मिले। इस अवसर पर सीहमा खंड के एबीपीओ मुकेश कुमार, महेंद्र सिंह ठेकेदार, मामन सिंह प्रधान, बब्रुभान बोहरा, अशोक, महिपाल, राजकुमार पंच, महेंद्र सिंह जेई, रतनसिंह भादु, अजीत सिंह कमांडो सहित अनेक किसान मौजूद रहे।न