फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mahendragarh-Narnaul News: जर्जर बिजली तार बने खतरा, कई जगह दीवारों-छतों पर लटक रही लाइनें

विज्ञापन
फोटो नंबर- 16मोहल्ला पालतियान में 21 मई की रात बिजली की तारों में लगी आग। स्रोत : स्थानीय
विज्ञापन
नारनौल। कई जगहों पर बिजली के तार खंभों के बजाय दीवारों और छतों से लटक रही हैं। इससे हादसों का खतरा बढ़ गया है। गर्मी में बिजली की खपत बढ़ने के साथ ही पुरानी और जर्जर तारों में फॉल्ट की समस्या भी लगातार सामने आ रही है। कई स्थानों पर लोड बढ़ने से तारों में आग लगने की घटनाएं भी हो चुकी हैं।
विज्ञापन

शहरी क्षेत्र के मोहल्ला रावका, भाटवाड़ा, मोटा महादेव, फ्रांसखाना, पालतियान, इंदिरा कॉलोनी, गांधी कॉलोनी, पुरानी सराय, प्राणपुरा, बांस और सराय ढूसरान सहित कई इलाकों में तार सड़क पर झूलते दिखाई देते हैं।
वहीं, अटेली कस्बे के वार्डों के अलावा गांव गुजरवास, सैदपुर, बिहाली, खेड़ी, कांटी और नावदी में भी तार जमीन से बेहद नीचे लटक रहे हैं जिससे किसानों को खेतों में ट्रैक्टर चलाने में भी दिक्कत होती है।
विज्ञापन

स्थानीय लोगों द्वारा कई बार शिकायतें दर्ज कराई गई हैं लेकिन समाधान नहीं हुआ है। अधिकारियों का कहना है कि खंभे लगाने के दौरान कई जगह स्थानीय विरोध के कारण काम अटक जाता है जिससे समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है।
-
केस-एक
मोहल्ला फ्रांसखाना में करीब 40 साल पुरानी 100 फीट लंबी बिजली केबल खराब होने से लगातार फॉल्ट की समस्या बनी हुई है। 19 मई की रात करीब 10:30 बजे केबल टूट गई जिससे इलाके की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। स्थानीय लोगों और बिजली निगम कर्मचारियों ने मिलकर रात 1 बजे तक पिकअप पर सीढ़ी लगाकर मरम्मत की। करीब 3 घंटे बिजली गुल रही। निवासी गोपाल जैन ने बताया कि कई शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ।

केस-दो
मोहल्ला पालतियान में मुख्य लाइन के पास घरों में जाने वाली बिजली की तारों का गुच्छा बना है। इसमें 21 मई की रात करीब 10 बजे शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। स्थानीय लोगों ने मिट्टी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया और पावर हाउस फोन कर बिजली बंद करवाई। इस दौरान करीब 3 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। मोहल्ला निवासी लक्ष्मीकांत ने बताया कि करीब 20 से 25 मिनट तक बिजली की तारों में आग जलती रही, गनीमत रही की कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
बॉक्स
मेरे घर की छत पर लगे सरिये से बिजली की तार को बांधा हुआ है। इससे करंट के कारण हादसे का खतरा बना रहता है। कई बार शिकायत दर्ज करवाने के बाद भी अब तक कोई समाधान नहीं किया गया है। -बृज मोहन, मोहल्ला रावका
बॉक्स
बिजली की केबल तो नई लगा दी गई है लेकिन खंभा नहीं लगाने के कारण केबल दीवारों पर लटकी हुई है। जिस कारण हमेशा, विशेष तौर पर बारिश के समय हादसे का खतरा बना रहता है।
-हरनाम सिंह, मोहल्ला मोटा महादेव

वर्जन :
शहरी व ग्रामीण क्षेत्र में लटकती बिजली की तारों को ठीक करने का कार्य किया गया है। अगर कुछ स्थानों पर बिजली के तार लटके हुए है तो आमजन कार्यालय में शिकायत दर्ज करवा सकते हैं। वहीं आमजन से अपील है कि तारों को ठीक करते समय खंभे लगाने में बिजली कर्मचारियों का सहयोग करें। -शिवराज सिंह, कार्यकारी अभियंता, बिजली निगम, नारनौल
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें