महेंद्रगढ़। शहर में लगातार बढ़ रही मच्छरों की संख्या के कारण डेंगू व मलेरिया का खतरा बढ़ रहा है। शहर में डेंगगू मरीजों की संख्या तीन हो चुकी है। जिले में आंकड़ा 48 पर पहुंच चुका है, लेकिन नगरपालिका की ओर से फॉगिंग के नाम पर खानापूर्ति की जा रही है। एक सप्ताह पहले जिम्मेदारों ने दावे किए थे कि अभियान के तहत शहर के प्रत्येक वार्ड में फॉगिंग कराई जाएगी। महज दो वार्डों में फॉगिंग करा पाए हैं।
नगरपालिका की अनदेखी के चलते शहरवासी मच्छरों के प्रकोप से पीड़ित हैं। मौसम में बदलाव होने के साथ ही शहर में मच्छरों की संख्या बढ़ गई है। अब तक जहां पूरे शहर में फॉगिंग हो जानी चाहिए थी, वहां अभी तक दो वार्डों में ही हो पाई है। नियमित रूप से साफ-सफाई के अभाव में गली-मोहल्लों की नालियां गंदगी से अटी पड़ी हैं। जगह-जगह गंदा पानी जमा होने से मच्छरों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। शहरवासी अनिल, बबलू, रूपेश, जोगेंद्र, महेंद्र, कृष्ण जांगड़ा ने कहा कि मच्छरों से निजात दिलाने के लिए बीते वर्षों से नगरपालिका की ओर से कोई इंतजाम नहीं किया जा रहा है। नगरपालिका के पास तीन फॉगिंग मशीन हैं। इसमें दो मशीन पूरी तरह से चालू हालात में हैं। शहर में नियमित फॉगिंग नहीं होने से लगातार डेंगू व मलेरिया का खतरा मंडरा रहा है। मच्छरों की बढ़ती तादात डेंगू, चिकनगुनिया, मलेरिया का खतरा बना हुआ है।
-वर्जन
एक सप्ताह पूर्व शहर में फॉगिंग के लिए अभियान शुरू किया गया था। बीच में अवकाश होने के कारण दो-तीन दिन काम प्रभावित हुआ है। लेकिन, अब शहर के प्रत्येक वार्ड में अभियान के तहत फॉगिंग कराई जाएगी।
-रमेश सैनी, चेयरमैन, नगरपालिका महेंद्रगढ़।