फोटो संख्या:62-मोहल्ला सैनीपुरा में कूलर में मच्छर का लारवा की जांच करती स्वास्थ्य विभाग की टीम
महेंद्रगढ़। शहर में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने डेंगू और मलेरिया से बचाव के लिए जागरूक अभियान चलाया गया। नागरिक अस्पताल की स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शहर महेंद्रगढ़ के मोहल्ला कोका बगड़ी और सैनीपुरा में घर-घर जाकर कूलर, कंटेनर, पानी के होद, पक्षियों के लिए रखे पानी के सकोरे, फ्रीज की ट्रे आदि में लारवा की जांच की। इस दौरान छह घरों में मच्छर के लार्वा मिलने पर मकान मालिकों को नोटिस थमाया गया है। टीम ने उनका पानी खाली करवाया और उन्हें अच्छे से सुखाकर भरने की सलाह दी है। साथ ही आगे से मच्छर का लार्वा मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। इस दौरान लोगों को मलेरिया और डेंगू से बचाव के लिए जागरूक भी किया गया।
स्वास्थ्यकर्मी राजपाल यादव ने बताया कि डेंगू एक जानलेवा बीमारी है जो एडीज मच्छर के काटने से होती है। आमतौर पर यह मच्छर दिन के समय काटता है। प्रारंभिक लक्षणों में मरीज को सिर में तेज दर्द का होना, तेज बुखार होना, उल्टी आना, जी मिचलाना, चकते होना व मांसपेशियों में खिंचाव होना आदि होते हैं। डेंगू से बचाव के लिए घरों के आस पास सफाई रखनी चाहिए, पूरी बाजू के कपड़े पहनें, घर खिड़कियों व दरवाजों पर जाली लगवाएं। पानी को ढककर रखें, पानी के होद, कंटेनर आदि पानी के स्रोतों को समय-समय पर साफ करते रहना चाहिए। हर रविवार को ड्राई डे मनाएं, जिसके अंतर्गत कूलर की सफाई करें, फूलदान, गमले, छत पर पड़े मटके, डब्बे, पक्षियों के लिए रखे सकोरों आदि को सप्ताह में एक बार साफ अवश्य करें। इस मौके पर शांति आशा वर्कर, बाला आशा वर्कर, सुमन आशा वर्कर, निशा आशा वर्कर, कृष्णा आशा वर्कर, किसमती आशा वर्कर मौजूद रहीं।