रेवाड़ी और जयपुर के बीच जल्द ही डीईएमयू ट्रेन की शुरूआत होगी। लोकल ट्रेन चलने से यात्रियों को दिल्ली और जयपुर जाने में राहत मिलेगी। इस रूट पर दो डीईएमयू चलाने की तैयारी है। फिलहाल इस रूट पर दो ट्रेने चल रही है।
बता दें कि रेवाड़ी-नारनौल-जयपुर रुट पर यात्री ट्रेन की उपलब्धता कम है। अभी इस रुट पर दो ट्रेने चल रही है। लेकिन, लेकिन उसका लाभ लोगों को पूरा नहीं मिल पा रहा है। इन ट्रेनों में अभी रिर्जवेशन के बाद ही कोई यात्रा कर सकता है। दूसरा इन ट्रेनों की टाइमिंग स्थानीय लोगों की सुविधा अनुसार नहीं है। ऐसे में लोगों को बस की यात्रा करनी पड़ती। इसे लेकर पहले भी लोग सुबह और शाम ट्रेन चलाने की मांग कर चुके हैं। रेवाड़ी और जयपुर के बीच में नारनौल रेलवे स्टेशन महत्वपूर्ण है। पहले यहां एक लाख रुपये की टिकटों की रोजाना की बिक्री होती थी। अब जयपुर रेल मंडल ने इस रुट पर डेमू ट्रेन चलाने की योजना बनाई है। ट्रेन का ट्रायल जयपुर-नारनौल-रेवाड़ी बीच हो चुका है। अब इस ट्रेन को नियमित रूप से चलाने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए रेलवे ने संभावित समय सारणी तय कर ली है। लेकिन, ट्रेन चलने के बाद इसकी आधिकारिक घोषणा की जाएगी। रेलवे ने ट्रेन का संभावित समय जयपुर से सुबह आठ बजे और शाम सवा छह बजे रखा है। जबकि, रेवाड़ी से सुबह छह बजे और शाम साढ़े पांच बजे है।
फिलहाल चल रही महज दो ही ट्रेन
वर्तमान में नारनौल स्टेशन से दो सवारी गाड़ियां चलाई जा रही हैं। जिनमें एक चेतक एक्सप्रेस है, जो सराय रोहिल्ला से उदयपुर सिटी को जाती है। दूसरी ट्रेन जनशताब्दी एक्सप्रेस है, जो दिल्ली से अजमेर के बीच चलती है। इन दोनों ही ट्रेनों का लोगों का अधिक लाभ नहीं मिल पाता है। जनशताब्दी एक्सप्रेस एडवांस बुकिंग के तौर पर पहले ही फुल होकर चलती है और चेतक एक्सप्रेस रात को 2:20 बजे नारनौल से दिल्ली जाती है।
जयपुर-रेवाड़ी के बीच डेमू का ट्रायल हो चुका है। अब ट्रेन के नियमित रूप से चलाने की तैयारी है। इस पर रेलवे जल्द ही निर्णय लेगा। यह सेवा शुरू होने से दैनिक यात्रियों को काफी राहत मिलेगी।
मुनेश भार्गव, स्टेशन अधीक्षक