नारनौल। नूंह जिले में धार्मिक यात्रा पर कुछ विशेष समुदाय के लोगों द्वारा हमला करने के विरोध में बुधवार को विभिन्न सामाजिक संगठनों ने उपायुक्त के माध्यम से प्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।
विहिप विभागाध्यक्ष विशाल सैनी के नेतृत्व में विश्व हिंदू परिषद पदाधिकारियों ने प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन उपायुक्त को सौंपा। इसमें पदाधिकारियों ने कहा कि 31 जुलाई को हरियाणा के मेवात में विशेष समाज द्वारा बृजमंडल धार्मिक यात्रा में शामिल तीर्थ यात्रियों पर सुनियोजित हमले, गोलीबारी व पत्थरबाजी की घटना हृदय विदारक है। प्रतिवर्ष श्रावण में सोमवार के दिन मेवात के अंदर भगवान शंकर का आशीर्वाद लेने के लिए महाभारत कालीन पांच मंदिरों में श्रद्धालु जाते हैं। यात्रा को शुरू हुए 15 मिनट भी नहीं हुए कि श्रद्धालुओं पर विशेष समुदाय के लोगों द्वारा पत्थरबाजी की गई। उन पर पेट्रोल बम फेंके गए। लोगाें ने मुश्किल से जान बचाई। दंगाइयों ने कारों, बसों और अन्य वाहनों को आग लगा दी और गोलियां भी चलाई। इसमें कई लोगों को गोलियां लगी और सौ से अधिक वाहन जला दिए इसलिए सरकार हमले में जिन लोगों की हत्याएं हुई है उनके परिवारों को एक एक करोड़ रुपये दिया जाए। घायलों को 20 लाख रुपये दिया जाए। जिनकी गाड़ियां और बसें नष्ट हो गई हैं उनकी क्षति पूर्ति की जाए। पूरे मेवात क्षेत्र को सील करके कांबिंग कराई जाए और एक-एक दोषी को पकड़कर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। इस अवसर पर सांवत सिंह, प्रदीप, पुनीत, विशाल, पंकज खेड़ी, राजकुमार, शीशपाल, हवा सिंह, आलोक, दीपक शर्मा, नरेंद्र सैनी, श्रद्धानंद, हेमंत चौबे, धर्मेंद्र गोसाई, सुरेश संघी, सतीश कुमार व सुशील चौटाला आदि मौजूद रहे।
व्यापारियों के नुकसान की भरपाई करे सरकार
हरियाणा व्यापार मंडल के जिला प्रधान बजरंग लाल अग्रवाल के नेतृत्व में शहर के व्यापारियों ने सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा। जिसमें नूंह में हुए दंगों में दुकानदारों को मारा पीटा गया एवं उनके दुकानों में जाकर तोड़फोड़ की गई जिससे व्यापारियों को नुकसान हुआ। इस दंगे में अब तक 6 लोगों की मौत हो चुकी है। यह कृत्य बहुत ही निंदनीय है। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग करते हुए कहा कि जो नुकसान व्यापारियों का हुआ है उनकी पूरी तरह से भरपाई की जाए। वहीं भविष्य में इस प्रकार के दंगे ना हो इसका पुख्ता इंतजाम किए जाए। इस मौके पर बजरंग लाल, विक्रांत नरूला, नितिन गर्ग, सरदार सुरजीत सिंह अरोड़ा, नरेश गोगिया मौजूद रहे।